Prem Chand Bairwa Interview: झूठे वादों से परेशान जनता अब भाजपा पर बढ़ा विश्वास- प्रेमचंद बैरवा

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2025 - 11:59 AM (IST)

Delhi Assembly Election 2025 :  राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा (Deputy CM of Rajasthan Prem Chand Bairwa) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए विशाल सूर्यकांत ने विशेष बातचीत की। 
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...
 

सवाल- दिल्ली चुनाव में आपको स्टार प्रचारक बनाया गया है। क्या दिल्ली में दलित भाजपा से जुड़ रहे हैं?  
 

जवाब- दिल्ली में पिछले 11 सालों से आप की सरकार है। लेकिन जनता समझ गई है कि ये लोग सिर्फ झूठे वादे करते हैं। भाजपा की रीति-नीति पर जनता को भरोसा है, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर, जिन्होंने अपने विजन से देश का नाम वैश्विक स्तर पर बढ़ाया है। पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं, जैसे राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक पर निर्णय, समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का कार्य कर रही हैं।
 

सवाल- दिल्ली में आप का मजबूत आधार है।  आपको क्या लगता है कि भाजपा इस आधार को तोड़ पाएगी?  
 

जवाब- भाजपा का हर कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग और तबके तक पहुंच रहा है। आप सरकार झूठे वादों से जनता को गुमराह कर रही है। उनकी घोषणाएं झूठी साबित हो रही हैं। हमारी पार्टी का घोषणापत्र सिर्फ वादे नहीं करता, बल्कि उनको धरातल पर उतारने का काम भी करता है। भाजपा ने केंद्र में और राज्यों में जो काम किए हैं, उनका असर जनता पर दिख रहा है। 

सवाल- क्या आपको लगता है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी? कितनी सीटें जीतेंगे?  
 

जवाब- बिल्कुल बनेगी। भाजपा की रीति-नीति राष्ट्र निर्माण के लिए है। दिल्ली की जनता भाजपा पर विश्वास कर रही है। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार दिल्ली में भाजपा मजबूत स्थिति में आएगी। चालीस से ज्यादा सीटें हम जीतेंगे।
राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो चुका है। फोकस में क्या रहेगा ?  
राजस्थान सरकार ने एक साल में कई ऐतिहासिक काम किए हैं। हमारी योजनाओं, जैसे जल जीवन मिशन, हर घर जल योजना,  और  युवाओं को रोजगार, ने जनता में विश्वास बढ़ाया है। विपक्ष की आलोचना सिर्फ औपचारिकता है। हमारा फोकस जनता के लिए काम करने पर है।

सवाल-विपक्ष से ज्यादा डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की टिप्पणियों की चर्चा है। मामला क्या है?  
 

जवाब- डॉ. किरोड़ी लाल हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। संघर्षशील व्यक्तित्व हैं। भाजपा का हर नेता-कार्यकर्ता ऐसा है जिसे जो दायित्व मिलता है, वो पूरी मेहनत और लगन के साथ काम करता है। किरोड़ी लाल मीणा बहुत अच्छे कैडर के नेता हैं। पार्टी की रीति-नीतियों को अच्छे से जानते हैं। हमारे यहां संवाद की अच्छी स्थितियां हैं।

सवाल- हाल ही में राजस्थान में नए जिलों का गठन हुआ है। इस पर विवाद हो रहा है। आपके अपने दूदू को जिला बनाया था, उसे आपके ही कार्यकाल में हटाया गया?  
 

जवाब- नए जिलों का गठन प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। यह निर्णय विकास की रफ्तार को तेज करने के लिए लिया गया है। हालांकि, पूर्ववर्ती सरकार ने जिलों का गठन राजनीतिक लाभ के लिए किया था। हमारी प्राथमिकता यह है कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें। दूदू में विकास हो, ये मेरे लिए मुख्य मुद्दा है। पिछली सरकार ने प्रशासनिक खामियों के साथ ही जिले बना दिए। इसे दुरुस्त करना जरूरी था।

सवाल- तो क्या दूदू समेत और जिले फिर बन सकते हैं? जैसा कि आप बता रहे हैं, कमियों को दूर करते हुए पुनर्गठन तो हो सकता है। जरूरत तो है ही नए जिलों की?
 

जवाब- नए जिले बनना और राजनीतिक रूप से आनन-फानन में कुछ भी कर देने की प्रक्रिया दोनों में फर्क है। यदि वाकई जरूरी लगा कि विकास के लिए संबंधित क्षेत्र को जिला ही बनाने से काम आगे बढ़ेगा तो हमारी सरकार इस पर जरूर सोचेगी। विधायक के प्रति जनता को खुश करने के लिए नहीं, बल्कि विकास की जरूरत को ध्यान में रखते हुए हम जिले बनाएंगे। प्रशासनिक जरूरतों के मुताबिक निर्णय होगा।

सवाल- उच्च शिक्षा आप के पास है। विभाग में कई  पद खाली पड़े हैं, निजी विश्वविद्यालयों के कोर्सेज में मान्यता का संकट आ रहा है। कैसे दूर  करेंगे समस्याएं?  
 

जवाब- रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जहां तक कोर्सेज की मान्यता की बात है, तो इसे भी दिखवा रहे हैं। जिन निजी विश्वविद्यालयों ने इस दिशा में सिस्टम को फॉलो नहीं किया है, उनसे बात की जा रही है। उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कई कदम उठा रहे हैं।

सवाल- राज्य के बजट को लेकर क्या कहेंगे?
 

जवाब- पिछले बजट में हम जो योजनाएं लाए थे, वे 95% से अधिक धरातल पर उतर चुकी हैं। आने वाला बजट भी हर वर्ग, जाति और क्षेत्र को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। सभी वर्ग के लिए बजट में प्रावधान होंगे। हमारा उद्देश्य है कि राजस्थान का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा  से जुड़े।

दिल्ली में दलित बहुल सीटों पर भाजपा का जोर....
दिल्ली में आरक्षित सीटों को लेकर बीजेपी ने अन्य राज्यों के दलित नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां दी हैं। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा के दिल्ली चुनावी दौरे बढ़ गए हैं। आरक्षित और दलित बहुल सीटों पर सघन प्रचार में राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा, रोहताश नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी जितेन्द्र महाजन, गोकलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निमेष, सीलमपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार शर्मा, सीमापुरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रिंकू कुमारी, कोंडली विधानसभा में प्रियंका गौतम के प्रचार अभियान में लगे हुए हैं।  2011 की जनगणना के मुताबिक, दिल्ली में लगभग 17 फीसद दलित आबादी है। इस आबादी में दलितों की कुल 36 जातियां हैं। इनमें जाटव, वाल्मीकि, धोबी, रैगर, खटीक, कोली और बैरवा प्रमुख हैं। आबादी के हिसाब से दिल्ली के अनुसूचित जाति वर्ग में जाटव सबसे बड़ी जाति है और जाटव के बाद वाल्मीकि बड़ी जाति है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Deepender Thakur

Related News