आठ दिवसीय जापान दौरे पर आज रवाना होंगे उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल

Saturday, Sep 01, 2018 - 12:20 AM (IST)

गांधीनगर: गुजरात के उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल शनिवार से आठ दिन के जापान दौरे पर रवाना हो रहे हैं जहां वह तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के समय से गुजरात के साथ विशेष मैत्री करार रखने वाले वहां के ह्योगो की 150 वीं स्थापना जयंती संबंधी समारोहों में शिरकत करेंगे। 

पटेल ने बताया कि ह्योगो प्रांत के गर्वनर की ओर से देश दुनिया के अन्य अतिथियों के साथ ही गुजरात को भी सरकारी आमंत्रण भेजा गया है और वह इसी सिलसिले में वहां जा रहे हैं। ह्योगो का गुजरात के लिए विशेष महत्व है क्योंकि उसके साथ गुजरात का लंबे समय से दोस्ताना संबंध रहा है। वहां के गर्वनर गुजरात की यात्रा भी कर चुके हैं। 

उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम यूएनआई को बताया कि वह जापान यात्रा के दौरान वहां जापान की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी यानी जीका के साथ बैठक करने के अलावा वहां के ओसाका और टोक्यो समेत अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में रहने वाले गुजराती समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। ज्ञातव्य है कि जापान के मुख्य द्वीप होंशू के कांसाई क्षेत्र में स्थित ह्योगो की राजधानी कोबे है। 

Pardeep

Advertising