अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेसी नेताओं की पहली पसंद प्रियंका, राहुल गांधी इसके खिलाफ

Tuesday, Jul 30, 2019 - 10:33 AM (IST)

नई दिल्लीः राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष पद फिलहाल खाली है। कांग्रेस इस पद के लिए किसी उपयुक्त उम्मीदवार को ही चुनना चाहती है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम की पैरवी की थी। वहीं थरूर की हां में हां मिलाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस पद के लिए बिल्कुल उपयुक्त होंगी। पार्टी महासचिव पर पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि अगर वह कांग्रेस अध्यक्ष चुनी जाती हैं तो हर तरफ से उन्हें समर्थन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए प्रियंका बिल्कुल सही पसंद होंगी। लेकिन यह पूरी तरह से कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर करता है। वहीं राहुल गांधी इसके खिलाफ हैं। राहुल पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा। लेकिन प्रियंका के सोनभद्र शो ने पार्टी और पार्टी से बाहर कई लोगों के दिल जीत लिए हैं और उनको कांग्रेस की कमान सौंपने के सुर काफी तेज हो गए हैं।

इससे पहले तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर ने प्रियंका का समर्थन किया था और कहा कि प्रियंका का अध्यक्ष बनना स्वाभाविक करिश्मा कार्यकर्त्ताओं और मतदाताओं को समान रूप से प्रेरित करेगा, आशा है सीडब्ल्यूसी इस पर जल्द फैसला करेगा।

Seema Sharma

Advertising