दिल्लीः खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना का पानी, 'लोहा पुल' पर आवाजाही बंद

Monday, Aug 19, 2019 - 09:14 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली में सोमवार शाम को यमुना नदी में जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया, जिसके कारण यमुना नदी पर बने ‘लोहा पुल’ पर दोनों ओर से आवाजाही पर रोक लगा दी है। वहीं, अधिकारियों ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को वहां से हटने की सलाह दी है।

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि नदी में जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा ऊपर यानी 205.36 मीटर तक पहुंच गया है। अधिकारी ने बताया कि जलस्तर और बढ़ने की आशंका है कि क्योंकि हरियाणा ने सोमवार शाम छह बजे 1.43 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा।

इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी के सोमवार शाम तक खतरे का निशान पार करने का अंदेशा जताते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अनुरोध किया कि वे प्रशासन की ओर से बनाए गए अस्थायी शरण स्थलों में चले जाएं। केजरीवाल ने कहा कि सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने रविवार को यमुना नदी में 8.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह पानी सोमवार शाम तक दिल्ली पहुंच सकता है और यमुना के 207.32 मीटर के खतरे के निशान को पार कर सकता है।'' अबतक 2,120 अस्थाई शरण स्थल बनाए गए हैं, जहां खाना, पानी और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। आधिकारिक अनुमान के मुताबिक, निचले इलाकों में रहने वाले 23,800 से ज्यादा लोगों को वहां से निकालने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध किया कि वे क्षेत्र छोड़ दें, जहां बाढ़ आने का अंदेशा है। 

Yaspal

Advertising