दिल्लीवालाें को लू से मिली कुछ राहत, पंजाब-हरियाणा को अभी और सताएगी गर्मी

Sunday, Jul 04, 2021 - 08:48 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत  मिली।  उत्तर भारत के राज्यों में मौसम विभाग ने लू का असर कम होने की बात तो कही है लेकिन क्षेत्र में अब भी लोग गर्मी से परेशान हैं। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में अब भी पारा चढ़ रहा है।


मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि उत्तर भारत के मैदानी एवं पर्वतीय इलाकों में लू का असर कम हो गया है और आगामी पांच दिन लू चलने की संभावना नहीं है। आगामी पांच दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी ने एक-दो जुलाई को लू चलने का अलर्ट जारी किया था। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों में शुक्रवार को व्यापक रूप से बारिश हुई, जिससे लू की स्थिति से राहत मिली।


आईएमडी ने कहा कि उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान आज (शनिवार)तीन से चार डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है और उसके बाद भी कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।  अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण लू में कमी आई है। बहरहाल, इन हवाओं के साथ आर्द्रता में बढ़ोतरी होने के कारण अगले पांच दिनों के दौरान मौसम असुविधाजनक बना रहेगा।


जयपुर में मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि राजस्थान में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है। श्रीगंगानगर, पिलानी और फलौदी में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.7 डिग्री सेल्सियस, 41.3 डिग्री सेल्सियस और 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में गर्मी का कहर जारी है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि दोनों राज्यों में सबसे ज्यादा है। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

vasudha

Advertising