दिल्ली में शादी के सीज़न के चलते ट्रैफ़िक अलर्ट ! 7,000 से ज़्यादा मेहमान और 3,500 अतिरिक्त गाड़ियां आने की उम्मीद
punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 12:01 PM (IST)
नई दिल्ली : दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने सोमवार के लिए एक ट्रैफ़िक एडवाइजरी जारी की है। दक्षिण दिल्ली में 19 से ज़्यादा शादियां होने वाली हैं, जिसके चलते 7,000 से ज़्यादा लोगों के जुटने और 3,500 से ज़्यादा अतिरिक्त गाड़ियों के आने की उम्मीद है। ट्रैफ़िक पुलिस ने चेतावनी दी है कि कई मुख्य सड़कों पर जाम लग सकता है। एडवाइजरी के अनुसार, SSN मार्ग, बांध रोड, मंडी रोड और MG रोड पर शादियां होनी हैं, जहां पूरे दिन ट्रैफ़िक का दबाव ज़्यादा रहने की संभावना है।
ट्रैफ़िक पुलिस ने ट्रैफ़िक को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त कर्मियों को तैनात किया है, लेकिन लोगों को SSN मार्ग, 100 फुटा रोड, अणुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जौनपुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर जाम लगने की चेतावनी दी है। एडवाइजरी में कहा गया है, "यात्रियों को सलाह दी जाती है कि जहां तक संभव हो, इन रास्तों से जाने से बचें।"
दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, ख़ासकर दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि समय और ईंधन की बचत हो सके। साथ ही, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और रास्ते के लिए कुछ अतिरिक्त समय लेकर चलें। एडवाइजरी में कहा गया है, "शादी में आने वाले मेहमानों से अनुरोध है कि वे अपनी गाड़ियां केवल तय पार्किंग जगहों पर ही खड़ी करें और सड़क के किनारे पार्किंग करने से बचें।"
दिल्ली पुलिस ने रविवार को सोमवार के लिए एक अलग https://x.com/dtptraffic/status/2124708499901042753 ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की। यह एडवाइजरी राजघाट पर वीआईपी मूवमेंट और सेंट्रल व नॉर्थ दिल्ली में एक धार्मिक जुलूस को देखते हुए जारी की गई है। यह एडवाइजरी नेपाल के प्रधानमंत्री बालेनद्र शाह की भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान आई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, डायवर्जन के संकेतों को देखें और प्रभावित इलाकों से गुजरते समय यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
