दिल्ली: राजौरी गार्डन से कांग्रेस की पूर्व निगम पार्षद सुनीता सुभाष यादव AAP में शामिल

Monday, Jun 28, 2021 - 04:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजौरी गार्डन से कांग्रेस की पूर्व निगम पार्षद सुनीता सुभाष यादव और उनके पति सुभाष यादव सोमवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। AAP प्रमुख प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज और आप विधायक जरनैल सिंह ने सुनीता सुभाष यादव और उनके पति सुभाष यादव को पार्टी की टोपी और पटका पहनाकर आम आदमी पार्टी में उनका स्वागत किया। जरनैल सिंह ने कहा कि जो लोग दिल्ली में बदलाव और सुधार चाहते हैं, ईमानदार व्यवस्था चाहते हैं, वह अरविंद केजरीवाल के कामों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी परिवार में शामिल हो रहे हैं।

आप विधायक जरनैल सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि दिल्ली के अंदर एमसीडी में किस प्रकार का भ्रष्टाचार चल रहा है उसका एक उदाहरण अभी आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया है। दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी जिस प्रकार से दिल्ली की जनता के लिए काम कर रहे हैं उससे प्रभावित होकर हर दिन आम आदमी पार्टी के परिवार में शामिल होने वाले लोगों की गिनती बढ़ती जा रही है।

 

जरनैल सिंह ने कहा कि राजौरी गार्डन के वार्ड 6एस में 2012 से 2017 तक कांग्रेस की निगम पार्षद रहीं सुनीता सुभाष यादव आज आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं, उनके साथ सुभाष यादव ने भी आप सरकार की सदस्यता ली। जरनैल सिंह ने कहा कि यह पूरा परिवार समाज सेवा के क्षेत्र में एक लंबे समय से जुड़ा रहा है। मुद्दा चाहे जो भी हो यह परिवार हमेशा सक्रिय रहा है।

Seema Sharma

Advertising