‘बहुत खराब’ स्तर पर दिल्ली-NCR की हवा

Thursday, Dec 20, 2018 - 11:03 AM (IST)

नई दिल्ली(नवोदय टाइम्स): मौसम ठंडा होने के बावजूद दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार नहीं हो पा रहा है। सुबह की सैर करने वालों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) स्तर 347 रहा, जो कि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। पड़ोसी शहर फरीदाबाद का स्तर 335, गाजियाबाद का स्तर 377, नोएडा का स्तर 324 व ग्रेटर नोएडा का स्तर 366 रहा, इन सभी शहरों में ‘बहुत खराब’ स्तर की हवा है। 

कुछ जगहों पर हवा की गुणवत्ता रही ‘बहुत खराब’
साइबर सिटी गुरुग्राम की हवा ‘संतोषजनक’ रही, जहां का एक्यूआई स्तर 92 रहा। दिल्ली में बुधवार दोपहर को कुछ जगहों पर हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ रही, जबकि वजीरपुर, सोनिया विहार, शाहदरा, आईटीआई, जहांगीरपुरी के इलाकों में हवा क्वॉलिटी ‘गंभीर’ स्तर पर रही। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से आ रही उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण प्रदूषण कम है और लोग राहत की सांस ले रहे हैं। हालांकि कभी-कभी हवा की रफ्तार में कमी या कुछ समय के लिए हवा की दिशा में आ रहे बदलाव के कारण गुणवत्ता खराब भी हो रही है। 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड किए गए यह आंकड़े दिन भर के प्रदूषण का औसत है। इसमें ज्यादा प्रदूषण सुबह और शाम के समय रहा, जबकि दिन में धूप खिलने और हवा के रफ्तार पकडऩे के साथ प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई।

ये इलाके खतरनाक

 

  मुंडका     464
 श्रीनिवासपुरी 241
झिलमिल   207
वसुंधरा (गाजियाबाद) 249
सेक्टर 12 (नोएडा) 237



 


                       
                 
                       
       
           

Anil dev

Advertising