दिल्ली में ‘ब्रेक'' पर गया मानसून, IMD ने बताया-अब कब होगी राजधानी में बारिश

Thursday, Aug 26, 2021 - 08:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर पश्चिम भारत के इसके आसपास के इलाके ‘ब्रेक मानसून' के एक और चरण में प्रवेश कर सकते हैं। ऐसा इस मौसम में तीसरी बार होने जा रहा है क्योंकि मानसून कम दबाव वाला क्षेत्र हिमालय की तलहटी के करीब पहुंच गया है और इसके वहां एक और दिन रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। IMD ने एक बयान में बताया कि मानसून हिमालय की तलहटी के नजदीक है। इसके वहां 26 अगस्त तक रहने की संभावना है।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने बताया कि क्षेत्र में अभी ‘मानसून कमजोर' है। उन्होंने कहा कि अगर मानसून हिमालय की तलहटी के करीब स्थानांतरित होता है और वहां लगातार दो से तीन दिन बना रहता है तो हम उसे ‘ब्रेक मानसून' (मानसून क्रम टूटने वाला चरण) कहते हैं। यह बुधवार को भी तलहटी में है और इसके एक और दिन वहां रहने की संभावना है।

 

IMD ने कहा कि 27 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके 29 अगस्त से पश्चिमी मानसून के कम दबाव वाले क्षेत्र को नीचे खींचने की संभावना है, जिससे दिल्ली समेत उत्तरश्चिमी भारत में महीने के अंत में बारिश हो सकती है। शहर में इस महीने में अब तक सामान्य 210.6 मिमी बारिश की तुलना में 214.5 मिमी बारिश हुई। आम तौर पर राजधानी में इस महीने 247.7 मिमी बारिश होती है।

Seema Sharma

Advertising