दर्द से तड़पता रहता था शख्स, ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने निकाली दुनिया की सबसे बड़ी किडनी!

Monday, Nov 25, 2019 - 06:33 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के एक अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर 56 वर्षीय एक व्यक्ति के शरीर से 7.4 किलो की किडनी निकाल दी है। दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया की सबसे बड़ी किडनी है। अस्पताल के अधिकारियों ने सोमवार को यह बताया। सर गंगा राम अस्पताल में यूरोलॉजी कन्सल्टेंट डॉ. सचिन कथूरिया ने बताया कि किडनी इतनी बड़ी थी कि उसने मरीज के पेट को लगभग पूरा ही घेर रखा था जिसकी वजह से वह दर्द से तड़पता रहता था। किडनी को दो घंटे की सर्जरी के बाद निकाला गया। उन्होंने कहा, इसे इस तरह समझिए, किडनी का वजन दो नवजात बच्चों के कुल वजन से भी अधिक था।
 

सामान्य किडनी का वजन होता है लगभग 120-150 ग्राम 
सामान्य किडनी का वजन लगभग 120-150 ग्राम होता है। जिस किडनी को निकाला गया उसका आकार 32 गुणा 21.8 सेमी था। अधिकारियों का कहना है कि यह दुनियाभर में यह पहला मामला है जिसमें इतनी बड़ी किडनी निकाली गई है। डॉ.कथूरिया ने कहा, ऑपरेशन से पहले हमें यह तो पता था कि किडनी बड़ी है लेकिन हमने उम्मीद नहीं की थी कि यह अब तक कि सबसे अधिक वजन वाली किडनी होगी। 


दुनिया की सबसे अधिक बड़ी किडनी का वजन था 4.25 किलो
गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्डस में दर्ज दुनिया की सबसे अधिक बड़ी किडनी का वजन 4.25 किलो था। यह अब तक दुनिया की सबसे बड़ी किडनी मानी जाती थी। इसे चिकित्सकों ने 2017 में निकाला था, उस किडनी में गठानें थी। सर गंगा राम अस्पताल के चिकित्सक इस सर्जरी के आधार पर गिनीज वल्र्ड रिकॉर्डस में आवेदन करने की योजना बना रहे हैं। जिस मरीज की किडनी निकाली गई है वह दिल्ली का वासी है और ऑटोसोमल डॉमिनेंट पॉलिसिस्टिक किडनी रोग नाम के जेनेटिक विकार से पीड़ित था। 

Anil dev

Advertising