आईफोन टूटने पर 16 साल के लड़के को घर में नौकर बनाकर रखा, परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम

Saturday, Sep 05, 2020 - 10:57 AM (IST)

नई दिल्ली(नवोदय टाइम्स): मालवीय नगर में एक 16 वर्षीय किशोर ने चौथी मंजिल से छलांग लाग दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने उसे नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया,जहां उसका इलाज चल रहा है। शुरूआती जांच में पता चला है कि किशोर की साइकिल एक अन्य युवक से टकरा गई थी, जिस कारण उस युवक का आईफोन टूट गया। अब वह फोन के बदले 62 हजार की मांग कर रहा था। यह मांग पूरी नहीं करने पर उसे घर का नौकर बनकर काम करने की हिदायत दी गई। इस बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। 

जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कल करीब 4:30 बजे मदन मोहन मालवीय हॉस्पिटल से सूचना मिली थी कि एक लड़का छत से कूद गया है। बाद में इस लड़के को सफदरजंग रेफर कर दिया गया। वह चिराग दिल्ली एरिया का रहने वाला है। जांच अधिकारी ने  बताया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे किशोर अपने दोस्त के साथ साइकिल से पिता की शॉप पर जा रहा था। रास्ते में साइकिल अनयिंत्रित हो गई जिस वजह से वह हनी नाम के शख्स से टकरा गई। इस वजह से हनी का आईफोन टूट गया। हनी ने किशोर से फोन ठीक कराने के रुपए मांगे। यह बात किशोर के पिता तक पहुंची, जिसने फोन सही करवाने का आश्वासन दिया। 


वीरवार को हनी ने किशोर से फोन टूटने के बदले बतौर मुआवजा 62 हजार रुपए मांगे। उसे बंधक भी बना लिया और मानसिक और शारीरिक तौर पर शोषण किया। उसे घर पर नौकर बन काम करने की हिदायत भी दी। यह सब सहने के बाद पीड़ित खाना खाने के बहाने घर पहुंचा। उसे हनी द्वारा पिता का अपमान करने का दुख हुआ।  इस बात से परेशान होकर उसने घर की छत चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। उसे बंधक बनाने और आत्महत्या के लिए उकसाने सम्बंधी धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

Anil dev

Advertising