बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर परिवार से मारपीट, तीन लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 03:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर कार से जा रहे एक परिवार को रोकने और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह मामला 'रोड रेज' (सड़क पर आक्रोश में आकर की गई हिंसा) का हो सकता है। उसने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे मांड्या ज़िले के मद्दुर के पास हुई और पीड़ितों के पीछे चल रही एक गाड़ी के 'डैशकैम' में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया और राजमार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई। पुलिस के मुताबिक पीड़ित सागर बेंगलुरु के निवासी हैं और घटना के समय पत्नी, बच्चों और एक बुजुर्ग महिला के साथ यात्रा कर रहे थे। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग राजमार्ग के बीचों बीच सागर की कार को रोकते हैं, उनकी गाड़ी को घेर लेते हैं और उन्हें बाहर खींचते और उनके साथ मारपीट करते हैं।

इसमें दिख रहा है कि सागर की पत्नी उन्हें बचाने कशिश करती है जबकि दूसरी गाड़ी में सवार एक व्यक्ति स्थिति को शांत करने की कोशिश में बीच-बचाव करता है। हालांकि, मारपीट जारी रहती है। पुलिस ने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ जब एक्सप्रेसवे पर भारी यातायात के बीच सागर की कार कथित तौर पर एक दूसरी गाड़ी से टकरा गई। उसने बताया कि टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में सवार लोगों के बीच हुई बहस जल्द ही हिंसा में बदल गई। हमले में घायल हुए सागर ने सोमवार को औपचारिक रूप से पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमले के बाद से फरार अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए टीम गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। 
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News