दिल्ली बनेगी स्पोर्ट्स कैपिटल! 13 फरवरी से खेल महाकुंभ 2026, CM रेखा गुप्ता करेंगी उद्घाटन
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 11:19 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली सरकार खेल और युवा विकास को नई दिशा देने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुकी है। राजधानी में खेल महाकुंभ 2026 का भव्य आगाज 13 फरवरी से होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट की आधिकारिक घोषणा दिल्ली के खेल एवं युवा विकास मंत्री आशीष सूद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।
मंत्री आशीष सूद ने इस मौके पर पिछली सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व शासनकाल में खेल और युवाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के बजाय उन्हें लगातार नजरअंदाज किया गया। मंत्री ने बताया कि पहले खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों में चीफ गेस्ट बनने से इनकार किया गया और शिक्षा विभाग (DOE) के अधिकारियों को भी कार्यक्रमों से दूर रखा गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि इनमें केंद्र सरकार की भागीदारी थी।
नई सरकार के इरादे साफ बताते हुए आशीष सूद ने कहा कि अब लक्ष्य दिल्ली को स्पोर्ट्स कैपिटल के रूप में स्थापित करना है। इसी दिशा में इस साल खेलों को बढ़ावा देने के लिए 76 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। खेल महाकुंभ 2026 में 7 प्रमुख खेलों में 20 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं राजधानी के 16 अलग-अलग स्टेडियमों में आयोजित की जाएंगी।
सरकार ने खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए विजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि का भी ऐलान किया है। इसके साथ ही खेल महाकुंभ का आधिकारिक मैस्कॉट भी लॉन्च किया गया, जो ऊर्जा, जोश और खेल भावना का प्रतीक होगा।
मंत्री ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं के लिए एक बड़ा मंच है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। सरकार का दावा है कि आने वाले समय में दिल्ली देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगी। अब राजधानी की निगाहें 13 फरवरी पर टिकी हैं, जब खेल महाकुंभ 2026 के साथ दिल्ली में खेलों का नया अध्याय शुरू होगा।
