दिल्ली में यमुना का कहर: राहत शिविरों में भी भरा पानी, मयूर विहार से लेकर सचिवालय तक जल ही जल
punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 04:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और यह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नतीजतन, निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि राहत शिविरों में भी पानी भर गया है। गुरुवार सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 207.47 मीटर रिकॉर्ड किया गया। सुबह 5 बजे और 6 बजे के आंकड़े भी लगभग इतने ही थे। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 2 बजे से 5 बजे तक जलस्तर स्थिर रहा, लेकिन 6 बजे यह 207.48 मीटर तक पहुंच गया। यह स्पष्ट संकेत है कि खतरा टला नहीं है। पुराना रेलवे पुल यमुना के जलस्तर की निगरानी के लिए अहम माना जाता है। यहीं से यह तय होता है कि बाढ़ की स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है। यमुना के जलस्तर में वृद्धि के कारण दिल्ली के निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। मयूर विहार फेज-1, मोनेस्ट्री मार्केट और यमुना बाजार जैसे क्षेत्र पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति राहत शिविरों की है, जहाँ लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखने की योजना थी लेकिन अब वही शिविर भी पानी में डूब चुके हैं।
VIDEO | Delhi rains: Drone visuals show Kashmere Gate bus terminal inundated as the Yamuna river level continues to rise.#Delhi #YamunaRiver #YamunaWaterLevel #DelhiRains
— Press Trust of India (@PTI_News) September 4, 2025
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/f2DvJA6Tfs
VIDEO | Delhi: Drone visuals from near Mayur Vihar show the extent of flooding as Yamuna River continues to flow above the danger mark.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 4, 2025
The water level in the Yamuna River at Delhi's Old Railway Bridge stood at 207.47 metres at 9 am, even as floodwater from the raging river… pic.twitter.com/KQxDFz0VX2
ड्रोन से दिखा बाढ़ का भयावह नज़ारा
मयूर विहार के पास ड्रोन से लिए गए दृश्य बेहद डरावने हैं। इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे यमुना का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। दिल्ली सचिवालय के पास भी जलभराव की खबर है, जहां मुख्यमंत्री और अन्य कैबिनेट मंत्रियों के कार्यालय स्थित हैं। अलीपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सुबह करीब 6 बजे फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर गया। लगातार बारिश के चलते यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि घटनास्थल पर एक क्षतिग्रस्त ऑटो रिक्शा देखा गया है। बुधवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में चंदगी राम अखाड़े के पास भीषण जलभराव देखने को मिला। यह इलाका राजधानी के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक है, और यहां जलभराव की स्थिति से प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।
10,000 से अधिक लोग किए गए स्थानांतरित
रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 8,000 से अधिक लोगों को तंबुओं में पहुंचाया जा चुका है। इसके अलावा 2,000 से ज्यादा लोगों को स्थायी आश्रयों में स्थानांतरित किया गया है। प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि किसी भी नागरिक को असुरक्षित क्षेत्रों में न रहना पड़े।
आईएमडी का अलर्ट: आगे भी जारी रहेगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली सहित नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गरज-चमक के साथ भारी बारिश का यह दौर जनजीवन को और प्रभावित कर सकता है। प्रशासन को पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रशासन की चुनौतियाँ बढ़ीं
बारिश और यमुना के बढ़ते जलस्तर ने दिल्ली प्रशासन की चुनौतियों को और भी बढ़ा दिया है। जहां एक ओर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है, वहीं दूसरी ओर राहत शिविरों में भी सुरक्षा और सुविधाओं का इंतज़ाम करना जरूरी हो गया है।