केजरीवाल ने साधा निशाना, कहा- BJP ने दिल्ली को बनाया ‘भारत की कचरा राजधानी'

Thursday, Jan 09, 2020 - 03:12 PM (IST)

नई दिल्लीः राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली को ‘भारत की कचरा राजधानी' में बदल दिया है और दावा किया कि गाजीपुर लैंडफिल में कचरे के ढेर की ऊंचाई जल्द ही ताज महल की ऊंचाई को भी पार कर जाएगी। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी को ‘कचरे के ढेर' में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को भाजपा का ‘‘सबसे बड़ा उपहार'' गाजीपुर लैंडफिल है, जहां कचरे का ढेर जमा होता है और जल्द ही यह ताज महल की ऊंचाई को भी पार कर लेगा। 

 

लोग अपनी निजी राजनीतिक पसंद से ऊपर उठकर समर्थन कर रहे हैं: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि इस चुनाव में लोग दिल्ली के भविष्य और अपने परिवार के बारे में सोच रहे हैं और अपनी निजी राजनीतिक पसंद से ऊपर उठकर आप का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कुछ अलग सा हो रहा है। इस चुनाव में लोग अपनी निजी राजनीतिक पसंद से ऊपर उठकर दिल्ली के भविष्य और अपने परिवार के बारे में सोच रहे हैं। चुनावों के दौरान विभाजनकारी राजनीति देखने को मिलती है लेकिन किसने सोचा था कि यह लोगों को एकजुट कर देगी।

 


इससे पहले उन्होंने एक महिला का पोस्ट भी साझा किया है जिसमें उसने लिखा है कि कैसे उसके भाजपा समर्थक पिता आम आदमी पार्टी (आप) का साथ दे रहे हैं। दिल्ली में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान आठ फरवरी को और गिनती 11 फरवरी को होनी है।

Anil dev

Advertising