Delhi Elections 2020: 57 फीसदी हुआ मतदान, पिछले चुनाव के मुकाबले 10 फीसदी कम

Saturday, Feb 08, 2020 - 08:00 PM (IST)

नई दिल्लीः राजधानी में शनिवार को विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया। चुनाव में कुल 57 फीसदी मतदान हुआ है, जोकि 2015 में हुए विधानसभा चुनाव के मुकाबले 10 फीसदी कम है। अब यह बढ़कर 53.51 फीसदी पहुंच गया है। दिल्ली चुनाव आयोग के सीईओ रणवीर सिंह ने बताया कि शाम 6 बजे तक कुल 57.06 फीसदी मतदान हुआ है। उत्तर पूर्वी जिले में अबतक सर्वाधिक 63.4 प्रतिशत, उसके बाद शहादरा जिले में 57.85 प्रतिशत और पूर्वी जिले में 57.29 प्रतिशत, पश्चिम जिले में 56.33 प्रतिशत, उत्तर पश्चिम जिले में 53.1 फीसदी, मध्य जिले में 53.18, दक्षिण पूर्व जिले में 51.66 फीसदी एवं नयी दिल्ली में 44.29 फीसदी मतदान हुए।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रणवीर सिंह, सांसद मीनाक्षी लेखी और अनेक गणमान्य लोगों ने अपने-अपने इलाकों में मतदान किया। इन मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे और मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं भी मुहैया करायी गईं।

वीआईपी मतदान केन्द्र होने के कारण वहां काफी लोग जमा थे और वे इन नामी-गिरामी हस्तियों को देखने के लिए काफी देर तक रुके रहे। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने पर पहले तो मतदान की गति धीमी थी और ठंड होने के कारण सुबह मतदान के लिए कम लोग निकले लेकिन जैसे ही धूप निकली और दिन बढ़ता गया, लोग घरों से वोट डालने के लिए निकले। दोपहर बाद तेजी से मतदान शुरू हुआ।

पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता प्रकाश करात, दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज तिवारी, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस नेता अलका लांबा ने भी अपने-अपने इलाके में मतदान किया। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच आज सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ।

दिल्ली में इस बार कुल एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता हैं जिनमें से 132 मतदाता 100 या इससे अधिक आयु के हैं। कुल मतदाताओं में पुरुषों की संख्या 81 लाख पांच हजार 236 और महिला मतदाताओं की संख्या 66 लाख 80 हजार 277 हैं। मतगणना 11 फरवरी को होगी।

अल्पसंख्यक सीटों पर हुआ सबसे अधिक मतदान
दिल्ली विधानसभा चुनाव में शनिवार को तीन अल्पसंख्यक बहुल सीटों मुस्तफाबाद, मटिया महल और सीलमपुर पर सबसे अधिक मतदान हुआ। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों द्वारा दिये गए आंकड़ों के अनुसार उत्तर पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद में शाम पांच बजे तक 66.29 प्रतिशत मतदान हो चुका था। पुरानी दिल्ली के मटियामहल इलाके में 65.62 मतदान हुआ। यहां सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एक और अल्पसंख्यक बहुल सीलमपुर में 64.92 मतदान हुआ है। यहां भी सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं पूरी दिल्ली में शाम पांच बजे तक 57.87 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
 

 

 

 

Yaspal

Advertising