Delhi: गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ विवाद, युवक ने फूड डिलीवरी बॉय को उतार दिया मौत के घाट

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2024 - 09:04 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली के रोहिणी में एक किशोर ने महिला मित्र को लेकर हुए विवाद के बाद खाना पहुंचाने वाली कंपनी के एक प्रतिनिधि की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार को विजय विहार इलाके की है जब निखिल तोमर (19) ने दीपक (28) पर चाकू से कई वार किए। पुलिस के अनुसार पिछले सप्ताह दोनों के बीच गर्लफ्रेंड को लेकर झगड़ा हुआ था।

पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) अमित गोयल ने कहा, ‘‘दीपक और निखिल दोनों का ही आपराधिक इतिहास रहा है।'' पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को मंगलवार शाम पांच बजकर 20 मिनट पर निरंकारी भवन के पास चाकू मारने की घटना के संबंध में कॉल आई थी। गोयल ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दीपक को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद निखिल की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गोयल ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया और अपने फरार साथियों के बारे में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार तोमर ने यह भी बताया कि दीपक के साथ उसका विवाद उन दोनों की गर्लफ्रेंड के कारण हुआ था। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं और मामले में जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News