दिल्ली कोर्ट आज सिसोदिया की जमानत अर्जी पर करेगी सुनवाई, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

Saturday, Mar 04, 2023 - 05:25 AM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली की एक अदालत पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत अर्जी पर शनिवार को सुनवाई कर सकती है जब उन्हें पांच दिन की सीबीआई हिरासत खत्म होने पर न्यायाधीश के सामने पेश किया जाएगा। सिसोदिया को कथित आबकारी घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उनके वकील ऋषिकेश ने बताया कि विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल की अदालत में यह आवेदन दिया गया है जिन्होंने शनिवार के लिए सुनवाई तय की है।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
राष्ट्रपति मुर्मू आज ‘कैच द रैन-2023' अभियान की करेंगी शुरुआत
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मानसून से पहले जल संरक्षण अभियान को जन अभियान में तब्दील करने की कोशिश के तहत शनिवार को ‘कैच द रैन 2023 ' की शुरुआत करेंगी। एक अधिकारी ने बताया कि इस साल के अभियान के लिए विषय ‘पेयजल के लिए स्रोत स्थायित्व' होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ पानी महिलाओं के सशक्तीकरण में जो अहम भूमिका निभाता है, उसे जलशक्ति शक्ति अभियान: कैच द रैन-2023 के दौरान ‘जलशक्ति से नारी शक्ति' विषय के रूप में स्वीकार किया गया है।'' 

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने की मोदी सरकार की तारीफ
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ब्रिटेन दौरे पर पहुंचे हुए जहां उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है वहीं इसके साथ ही पेगासस का भी मुद्दा उठाया। लेकिन वहीं इस बीच राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। दरअसल,  कैंब्रिज विश्वविद्यालय में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पीएम मोदी की दो नीतियों की तारीफ की है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार में महिलाओं के लिए लाए गईं उज्ज्वला स्कीम और लोगों के बैंक अकाउंट खुलवाना एक अच्छा कदम है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका
कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को एक भारी झटका लगा दरअसल, लोकायुक्त पुलिस ने भाजपा विधायक के बेटे को गिरफ्तार करके 6 करोड़ की नकदी बरामद की। दरअसल, लोकायुक्त की भ्रष्टाचार विरोधी शाखा ने भाजपा विधायक मदल विरुपक्षप्पा के बेटे प्रशांत मदल के घर पर छापा मारा।  इस दौरान घर से करीब 6 करोड़ नकद राशि का ढेर पाया गया।

परीक्षा में छात्राएं हिजाब पहने या नहीं?
सुप्रीम कोर्ट कर्नाटक की प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों में हिजाब पहनकर वार्षिक परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने की मांगी वाली छात्राओं की एक समूह की याचिका पर होली की छुट्टियों के बाद सुनवाई करेगा। चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ और जस्टिस जे. बी. पारदीवाला और जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा की पीठ ने शुक्रवार को तत्काल सुनवाई की गुहार ठुकराते हुए कहा कि वह याचिका पर सुनवाई के लिए होली की छुट्टियों के बाद एक पीठ का गठन कर याचिकाकर्ता छात्राओं की अंतरिम गुहार पर विचार करेगी।

कांग्रेस ऐसी हारी, वो दूरबीन से भी नहीं दिखाई पड़ रही
पूर्वोत्तर में मिली जीत के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कर्नाटक में बीदर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि कल ही कर्नाटक से हजारों किमी. दूर उत्तर पूर्व में (त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय) कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है और ऐसे हारे हैं कि दूरबीन लेकर भी दिखाई नहीं पड़ रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस को नागालैंड में 0 सीट, मेघालय में 3 सीट और त्रिपुरा में सिर्फ 4 सीट मिली हैं।

अमरनाथ यात्रा की तैयारियां हुई शुरू
अमरनाथ यात्रा 2023 शुरू होने से पहले श्राइन बोर्ड ने  तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि  इस बार सेना के रोड विंग के इंजीनियरों को मदद के लिए रोपित किया गया है। ऐसा अमरनाथ यात्रा के इतिहास में पहली बार है कि  अमरनाथ यात्रा ट्रैक के रखरखाव के समग्र नियंत्रण को बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) को सौंपा हो। जम्मू-कश्मीर अधिकारियों ने बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) को अमरनाथ गुफा तक बाल टाल की ओर से बर्फ को साफ करने का निर्देश दिया है ताकी यात्रियों को कोई तकलीफ न हो।

मेघालय-नगालैंड को लेकर बीजेपी का दावा गलत
क्षेत्रीय दल असम जातीय परिषद (एजेपी) ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने जो यह दावा किया है कि उसने मेघालय, नगालैंड एवं त्रिपुरा में सरकार बना ली है, वह पूरी तरह सही नहीं है क्योंकि पहले के दो राज्यों में उसकी नगण्य उपस्थिति है। एजेपी महासचिव जगदीश भूइंया ने कहा कि भाजपा ने नगालैंड में क्षेत्रीय दल एनडीपीपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा और मेघालय में उसने अपने बलबूते पर चुनाव लड़ा एवं वह महज दो सीट ही जीत पायी।

Parveen Kumar

Advertising