दिल्ली कांग्रेस अक्ष्यक्ष पद की खोज शुरू, सोनिया से मिले लवली और वालिया

Friday, Aug 30, 2019 - 09:11 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस की दिल्ली इकाई के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर चल रही कवायद के बीच पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं अरविंदर सिंह लवली और अशोक वालिया ने शुक्रवार को पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों का कहना है कि लवली और वालिया से सोनिया ने नए अध्यक्ष को लेकर विचार-विमर्श किया और उनकी राय जानी।

सूत्रों का यह भी कहना है कि सोनिया आने वाले दिनों में दिल्ली कांग्रेस के दूसरे वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर उनकी राय ले सकती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का पिछले महीने निधन हो गया था जिसके बाद से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद रिक्त है।

नये प्रदेश अध्यक्ष के लिए शीला के पुत्र और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया, पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, अजय माकन और वरिष्ठ नेता योगानंद शास्त्री सहित कई नेताओं के नामों की चर्चा चल रही है।

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के नए अध्यक्ष का चयन इस मायने में महत्वपूर्ण है कि अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है। भाजपा और आम आदमी पार्टी की मौजूदगी में कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष कर रही है।

 

Yaspal

Advertising