दिल्‍ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित का दामाद गिरफ्तार, पत्नी से था विवाद

Sunday, Nov 13, 2016 - 04:05 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के दामाद इमरान को घरेलू हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इमरान को दो दिन पहले बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया। उनकी पत्नी ने कुछ दिन पहले घरेलू हिंसा की शिकायत बाराखंबा पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। आरोपी और दीक्षित की पुत्री पिछले 10 महीने से अलग रह रहे हैं। दिल्ली पुलिस के सीनियर अफसर ने बताया, ''जांच के बाद शुक्रवार को इमरान को गिरफ्तार किया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाए हैं।''

''पुलिस पिछले कई दिन से इमरान को ट्रेस कर रही थी। वह हलासूरु इलाके में किराए का मकान लेकर रहता था।'' 45 साल की लतिका सोशल वर्कर हैं और रूरल डेव्लपमेंट कंसल्टेंट के तौर पर काम करती हैं। बता दें कि शीला दीक्षित कांग्रेस की सीनियर नेता हैं। वे तीन बार दिल्ली की सीएम रह चुकी हैं। उनके दो बच्चे हैं, लतिका और संदीप दीक्षित। संदीप भी सांसद रह चुके हैं।

Advertising