दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल 26 अक्टूबर को अयोध्‍या जाएंगे, रामलला के करेंगे दर्शन

Saturday, Oct 23, 2021 - 05:59 PM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी प्रमुख एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश के अयोध्या जायेंगे जहां वह भगवान राम के जन्मस्थल पर जा कर पूजा अर्चना करेंगे। प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य एवं विशाल मंदिर का निर्माण हो रहा है। फिलहाल, एक अस्थायी मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा रखी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल 26 अक्टूबर को भगवान राम की पूजा अर्चना करेंगे। आम आदमी पार्टी अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है।

बता दें कि, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल यानी 2022 की शुरुआत में होने हैं। इससे पहले बीते दिनों आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह अयोध्‍या पहुंचे और श्रीराम लला के दर्शन करने पहुंचे थे। अब अरविंद केजरीवाल अयोध्‍या में रामलला के दर्शन करेंगे।

वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने बीते दिनों उत्तर प्रदेश विधासनभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर ‘फ्री बिजली की बात जनता के साथ’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान की शुरुआत आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने 10 अक्टूबर को सुल्तानपुर जिले से की थी। आप ने इस मुद्दे पर जनता की राय जानी और 300 यूनिट फ्री बिजली, किसानों को मुफ्त बिजली सहित बकाया बिल माफ करने की अरविंद केजरीवाल की गारंटी वाला कार्ड नागरिकों को दिया था।

Yaspal

Advertising