दिल्ली भाजपा की रणनीति आत्मघाती

Sunday, Sep 10, 2017 - 08:23 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा की रणनीति पूरी तरह से पटरी से उतर गई है। हर किसी के जेहन में यह कौंद रहा है कि आखिर इस तरह की आत्मघाती कार्ययोजना बना कौन रहा है। पहले बवाना का उपचुनाव हारा और अब सिटी जोन चेयरमैन का पद थाली में परोस कर ‘आप’ को दे दिया। दिल्ली के तीनों निगम में कोई भी जोन ‘आप’ के खाते में नहीं था, अब सिटी जोन जैसा महत्वपूर्ण चेयरमैन पद मिलने के बाद ‘आप’ की समानांतर सरकार भाजपा की मेयर के लिए खतरे की घंटी होगी।

दिल्ली नगर निगम में अब तक विपक्ष के नेता का पद ही ‘आप’ के पास था। यह पद नाम के लिए बड़ा था लेकिन प्रशासनिक कामों में इसको इतनी अहमियत नहीं थी। इसी कारण ‘आप’ जोन चेयरमैन के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रही थी। सिटी जोन जिसे अब चांदनी चौक जोन का नाम दिया गया है, में कुल 13 पार्षद हैं। इनमें 6 कांग्रेस, 4 ‘आप’ और 3 भाजपा के हैं। दिल्ली की ‘आप’ सरकार ने 4 एल्डरमैन बना दिए जिससे उनकी संख्या बढ़कर 8 हो गई। यहां भाजपा जीत तो नहीं सकती थी लेकिन उसे यह तय करना था कि दिल्ली में उसके लिए ‘आप’ बड़ा खतरा है या फिर कांग्रेस। भाजपाई दिग्गजों की मानें तो कांग्रेस से उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी। पिछले 10 साल से कांग्रेस सिटी जोन में सत्ता में काबिज है, कभी कोई मुश्किल खड़ी नहीं हुई लेकिन अब दिक्कत हो जाएगी।

भाजपा के रणनीतिकार पहले जोन चेयरमैन सहित 3 पद के लिए धार्मिक कार्ड खेलते रहे, फिर महिला सशक्तिकरण के पत्ते चलने शुरू किए, इस आस में कि कुल 3 पदों में से 2 कांग्रेस की ऊषा शर्मा और प्रेरणा सिंह को मिल जाएंगे तथा एक पद भाजपा को मिल जाएगा लेकिन उनकी रणनीति धरी रह गई। ‘आप’ व कांग्रेस ने मिलकर ‘आप’ की बबीता को चेयरमैन पद का उम्मीदवार बना कर जिता दिया। अब हालत यह होगी कि ‘आप’ का सिटी जोन चेयरमैन लगातार निगम में रह कर निगम की व्यवस्था पर हमला करेगा। निगम की हर महत्वपूर्ण मीटिंग में ‘आप’ की प्रतिनिधि शामिल होगी जो लगातार भाजपा को झटके पर झटके देगी।

यहां 2 सीटों पर जीती कांग्रेस
नार्थ एम.सी.डी. के सिटी-सदर पहाडग़ंज जोन वार्ड कमेटी का चुनाव दिलचस्प तरीके से सम्पन्न हुआ। निगम के मुख्यालय सिविक सैंटर स्थित सत्य नारायण सभागार में सिटी-सदर पहाडग़ंज जोन वार्ड कमेटी के 3 पदों के लिए मतदान करवाया गया। इसमें वार्ड कमेटी डिप्टी चेयरमैन पद पर कांग्रेस की ऊषा शर्मा और स्टैंडिंग कमेटी सदस्य पद पर कांग्रेस की प्रेरणा सिंह चुनी गईं। 2 सीटों पर कांग्रेस की जीत से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश गोयल खासे खुश हुए जबकि चेयरमैन पद पर आम आदमी पार्टी की बबीता ने जीत दर्ज की।

Advertising