Manoj Tiwari Interview: दिल्ली में उत्साह बा, लोगों में उछाल बा, अबकी बार भाजपा सरकार बा

punjabkesari.in Sunday, Feb 02, 2025 - 12:45 PM (IST)

Delhi Assembly Election 2025 :  दिल्ली भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए अकु श्रीवास्तव ने की खास बातचीत।
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...

 

सवाल- दिल्ली में इस बार का बा? 

जबाव- दिल्ली में उत्साह बा, मोदी जी के गारंटी के प्रति चाह बा, प्रत्येक गली में मोदी गारंटी की वाह-वाह बा, लोगों में भाजपा के प्रति उछाल बा, दिल्ली में प्रदूषण बा, महिला सम्मान बानी 2500 रुपए समृद्धि सम्मान बा, हर गर्भवती महिला खातिन 21000 रुपए उनके अच्छा पौष्टिक भोजन, अच्छा संतान होके खातिन उपहार बा और बुजुर्गन खातिन अब पेंशन शुरू होके  समय बा, लोगन की आम आदमी पार्टी की करनी के कारण बड़ी आह बा। आपने का-बा कहकर मिट्टी की याद दिला दी, जिस मिट्टी में पलकर, बड़े होकर हम आज यहां खड़े हैं।

 

सवाल- दिल्ली में बिजली, पानी पर राहत है, महिलाओं को बस में राहत है?

जबाव- भाजपा जब लोगों से कहती है कि इस फील्ड में आपका खर्च जीरो करके देंगे तो हम उसे पूरा कर देते हैं। किसी ने नहीं सोचा होगा कि आज के बजट में मध्यम वर्ग के लोगों के लिए खासतौर पर टैक्स पेयर्स के लिए इतना बड़ा दिन होगा। अब लाख रुपए तक की सैलरी पर टैक्स ही नहीं देना होगा। यह अपने आप में बड़ा परिवर्तन है। आज भाजपा के प्रति इसी कारण से देशभर में विश्वास पैदा हुआ है।

 

सवाल- केंद्रीय बजट में की गई व्यवस्था के अनुसार आयकर की सीमा में हुआ बदलाव कितने बड़े वर्ग को प्रभावित करेगा?

जबाव- समझ लीजिए कि लगभग 75 फीसदी लोगों को इसका सीधा लाभ होगा। पुरानी सरकारों के आंकड़ों पर गौर करें तो 2005 तक एक लाख तक इनकम टैक्स फ्री था, 2012 तक केवल दो लाख इनकम टैक्स फ्री हुआ और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह 2014 में ढाई लाख हुआ और 2019 में पांच लाख तक इनकम टैक्स फ्री हुआ और फिर उसके बाद 2023 में 7 लाख रुपए तक इनकम टैक्स को फ्री किया गया और अब 2025 में बारह लाख रुपए सालाना इनकम पर टैक्स फ्री किया गया है। यह दिन अपने आप में बेहद बड़ा दिन है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि विश्वास करो, यह देश नहीं झुकने दूंगा और आपकी समस्याओं को भी नहीं बढ़ने दूंगा। मोदी यह करके भी दिखाते हैं।

 

सवाल- भाजपा के सात सांसद हैं लगातार तीन बार से, दिल्ली सरकार पर आपका दबाव क्यों नहीं?

जबाव- मुझे लगता है कि इस देश बल्कि दुनिया में बिना अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं से समन्वय बनाए कोई शासन करना चाहता था तो वो आम आदमी पार्टी है। था, शब्द इसलिए इस्तेमाल किया कि भविष्य में आम आदमी पार्टी को कहीं शासन करने का मौका नहीं मिलेगा, यह मेरे अंतर्मन की भी आवाज है। इस बार आम आदमी पार्टी की दिल्ली से विदाई तय है। झूठ की भी एक इंतेहा होती है, लोगों से महिला समृद्धि के लिए हस्ताक्षर कराए और फार्म कबाड़ी की दुकान पर मिले। उस फार्म पर महिला की तस्वीर है, एकाउंट नंबर तक लिखा हुआ है।

आम आदमी पार्टी ने इस तरह से दिल्ली की महिलाओं को कितने बड़े संकट में डाल दिया। ऐसा दो बार किया है। आज से डेढ़ साल पहले भी हजार रुपए देने की घोषणा की थी, पंजाब में भी महिलाओं को आज तक पैसे नहीं दिए। इसलिए हमारा जो दबाव है, वो पड़ा ही नहीं। क्योंकि हमारे शिष्टमंडल तक से इन्होंने बैठक नहीं की। प्रदूषण के मुद्दे पर दिल्ली सरकार ने कोई बैठक आज तक नहीं की। वो दरसअल काम करने के लिए सत्ता में नहीं हैं।

 

सवाल- भाजपा ने पूर्वांचलियों को कम टिकट दिया, ऐसा क्यों?

जबाव- भाजपा ने पूर्वांचलियों के साथ-साथ उत्तरांचलियों को भी टिकट दिया है। दो टिकट उत्तरांचलियों को और छह टिकट पूर्वांचल को दिए हैं। पिछली बार भाजपा ने ग्यारह टिकट दिए थे। पूर्वांचल का एक सांसद लगातार तीसरी बार सांसद बना है। यह भी भाजपा में ही संभव है। पूर्वांचलियों को भारतीय जनता पार्टी में पूरा सम्मान मिल रहा है।

 

सवाल- चुनाव में कांग्रेस को कहां पाते हैं?

जबाव- आम आदमी पार्टी बनी ही कांग्रेस को समाप्त करने के लिए थी। मुझे लगता है कि आज कांग्रेस को अपनी गलती का अहसास हुआ है। कांग्रेस पंजाब, दिल्ली में खत्म हो गई। अगर ऐसा नहीं होता तो भाजपा ने तो 33 परसेंट पर सरकार बनाई थी, 1993 में। लेकिन उसके बाद 40 परसेंट लेकर भी सरकार नहीं बनी।

 

सवाल- आप और भाजपा के बीच का परसेंट का अंतर कैसे दूर करेंगे?

जबाव- जो पिछले चुनाव में भाजपा की स्थिति थी, वो हालत इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की रहने वाली है। मेरा मानना है कि आम आदमी पार्टी इस बार के चुनाव में 30 फीसदी या उससे भी कम वोट हासिल करेगी। कांग्रेस अगर उसको बीट भी कर दे तो कोई आश्चर्य नहीं। क्योंकि आप के प्रति लोगों में गुस्सा है।

 

सवाल- दिल्ली में भाजपा का चेहरा नहीं है?

जबाव- भाजपा कोई व्यक्तिवादी पार्टी नहीं है। गुजरात में भी मोदी का चेहरा बाद में लाया गया। यूपी में योगी, हरियाणा में खट्टर का और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनाए गए तो उससे पहले उनका नाम नहीं था। चुनाव बाद प्रक्रिया के तहत ही मुख्यमंत्री तय किए जाते हैं।

 

सवाल- जनता ने भरोसा किया तो दिल्ली को क्या देना चाहेंगे?

जबाव- हम लोग दिल्ली में यमुना जी को इतना स्वच्छ कर देंगे कि तीन साल में मैं खुद उसमें डुबकी लगाऊंगा और लोगों को भी जिम्मेदारीपूर्वक लगवाएंगे, इस स्तर की यमुना जी बनाएंगे। हम दिल्ली से प्रदूषण को इतना कम कर देंगे कि लोगों को टूरिज्म डेस्टिनेशन के लिए इसे चुनना पड़ेगा। हम दिल्ली की गरीबी रेखा से नीचे की प्रत्येक महिलाओं को महिला समृद्धि योजना में 2500 रुपए महीना देंगे, प्रत्येक गर्भवती महिला को 21 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देंगे, प्रत्येक बुजुर्ग की बंद पेंशन को शुरू करेंगे और उसे ढाई हजार करेंगे और 70 वर्ष से ऊपर की आयु के वरिष्ठ नागरिकों को तीन हजार पेंशन देंगे।

पांच सौ रुपए में गैस सिलेंडर गरीब परिवार को, गरीब वर्ग के बच्चों को कोचिंग के लिए एकमुश्त 15 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देंगे, छात्रों को हजार रुपए स्टाईपेंड भी देंगे, कच्ची कॉलोनियों में लोगों को मालिकाना हक देंगे और रिफ्यूजियों को लीज होल्ड पर मिले घरों को फ्री होल्ड करेंगे। 200 यूनिट बिजली फ्री है तो वो जारी ही रहेगी। हम तीन सौ यूनिट बिजली का भी प्रावधान कर रहे हैं। लोग सौर ऊर्जा से जुड़ें, हम सारे उपकरण लगाएंगे और तीन सौ यूनिट बिजली फ्री रहेगी। साफ पानी हम देंगे।

 

सवाल- चुनाव में भाजपा के उत्साह के पीछे क्या कारण हैं?

जबाव- सांसद के तौर पर जो कार्य अपने-अपने क्षेत्रों में कराए हैं, वो अपने आप में बोलते हैं। द्वारका एक्सप्रेस वे दे​​खिए भाजपा  किस तरह से विकास कर रही है, साफ दिखाई देता है। ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल से प्रदूषण को कम करने का काम भाजपा ने किया है। केंद्र सरकार और सांसद की अपनी सीमा है। दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था, पीडब्ल्यूडी, नाले, सड़क यह सब राज्य सरकार का विषय है और इसमें दिल्लीवासियों को नुकसान हुआ है। प्रदेश में सरकार बनाने के बाद हम काम करेंगे।

 

सवाल- फ्री की योजनाएं बड़े राज्यों में कैसे लागू करेंगे?

जबाव- किसी भी राज्य का बजट का 8 फीसदी फंड वेलफेयर की स्कीम के लिए अलग से होता है। इसे भाजपा से ज्यादा किसने किया है। हमने यहां 2500 बोला है, हरियाणा में पहले से ही 2100 रुपए दे रहे हैं। जबकि इन्होंने पंजाब में कहा और कोरी घोषणा ही रही। इन सबकी बात का कोई वजन नहीं है। जबकि भाजपा ने बिना कहे महाराष्ट्र में 1500 रुपए देना शुरू किया। आगे आने वाले राज्यों के बजट में वेलफेयर स्कीम के लिए बजट है, उसका उपयोग करेंगे। दूसरे लोग यहीं से भ्रष्टाचार कर लेते हैं, वहीं पर हमें गरीब जनता को उसका हक देना है।  हमारा मन साफ है, नीति और नीयत स्पष्ट है।

 

भाजपा ने दिल्ली में विकास के कई कार्य कराए- मनोज तिवारी

भाजपा ने दिल्ली के विकास के लिए कई कार्य जो भी हमारे स्तर पर संभव थे, उसको अंजाम दिया है। द्वारका एक्सप्रेस-वे, देहरादून-अक्षरधाम एक्सप्रेस-वे, प्रगति मैदान का टनल, यशोभूमि, भारत मंडपम इसका उदाहरण हैं, कोयला का विद्युत संयंत्र जिसे गैस से संचालित करना शुरू किया। अपने संसदीय इलाके में नया स्कूल तक खोला, एक नहीं दो केंद्रीय विद्यालय खुलवाए हैं। एक बन चुका है, दूसरा बनना शुरू हुआ है। मेट्रो का दायरा विस्तृत कराया, अब वह बुराड़ी-वजीराबाद तक पहुंच रही है। उस इलाके में रहने वाले लोगों की जीवनशैली देखकर ही अंदाजा हो जाएगा कि असुविधाएं कितनी हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी एक भी काम नहीं बता सकती। भाजपा सांसदों ने ही केंद्रीय मंत्रालय से कहकर अपने-अपने इलाकों में काम कराया है।

 

उम्मीद से कहीं अधिक पीएम मोदी लोगों को देते हैं सुविधाएं- तिवारी

देखिए, कल प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में मिडिल क्लास के लिए जब बात कही तो हम खुद नहीं समझ पाए। दरअसल हम जितना सोचते हैं, उम्मीद लगाते हैं, प्रधानमंत्री मोदी उससे कहीं अधिक हमारे लिए करते हैं और हमें सुविधाएं देते हैं। बुजुर्गों के लिए भी काफी राहत मिली है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Deepender Thakur

Related News