डिटर्जेंट लेने गई थी मां, वॉशिंग मशीन में डूबने से अढ़ाई साल के 2 बच्चों की मौत

Sunday, Feb 26, 2017 - 08:45 AM (IST)

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को एक छोटी-सी लापरवाही से एक मां की गोद सूनी हो गई। यहां के रोहिणी इलाके में अढ़ाई साल के 2 बच्चों की मौत वॉशिंग मशीन में डूबने से हो गई। यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब बच्चों की मां महज 6 मिनट के लिए घर से बाहर निकली थी। वॉशिंग मशीन में पानी था और बच्चे खेलते हुए उस तक पहुंच गए। यह दर्दनाक हादसा रोहिणी के अवंतिका अपार्टमैंट में हुआ। पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे महिला घर पर वॉशिंग मशीन में कपड़े धो रही थी।

जुड़वां बच्चे निशांत और नक्षय पास ही में खेल रहे थे। इसी दौरान मां डिटर्जेंट लेने बाहर चली गई। इस बीच दोनों भाई खेलते हुए मशीन के ऊपर चढ़ गए और कपड़े धोने के टैंक में डूबने से उनकी मौत हो गई। करीब 6 मिनट बाद जब महिला लौटी तो बच्चों को गायब पाकर हैरान रह गई। काफी खोजने के बाद पुलिस को कॉल किया। पड़ोसियों के साथ मिलकर उन्हें बहुत खोजा लेकिन जब बच्चों के पापा ऑफिस से घर आए तो उन्हें मशीन के टैंक में पाया। उन्हें लेकर फौरन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दोनों भाइयों की मौत हो चुकी थी।

Advertising