उन्नीस फरवरी रहा पांच साल का सबसे गर्म दिन

Monday, Feb 20, 2017 - 06:30 PM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल 19 फरवरी का दिन पिछले पांच साल में सबसे गर्म दिवस रहा।  मौसम विभाग ने बताया कि इस दिन यहां अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान भी 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में कुछ कमी आने का अनुमान है। सोमवार को भी नयी दिल्ली इलाके में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। 

वहीं, पालम हवाई अड्डे पर न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री ऊपर 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग में महानिदेशक (मौसम विज्ञान) के जे रमेश ने यूनीवार्ता को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड,हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान बढऩे के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पारा चढ़ा है। विक्षोभ के कारण इन राज्यों में हिमपात से पहले आम तौर पर तापमान बढ़ता है। वहां होने वाली बर्फबारी से आने वाले दिनों में दिल्ली को भी राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि निश्चित रूप से जाड़े के मौसम की तरह न्यूनतम तापमान छह-सात डिग्री सेल्सियस तक नहीं उतरेगा। 

उन्होंने कहा कि 19 फरवरी जरूर पांच साल में सबसे गर्म रहा था, लेकिन ऐसा नहीं है कि कोई बहुत पुराना  रिकॉर्ड टूटा हो। मौसम विभाग ने नयी दिल्ली इलाके में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तथा अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की बात कही है तथा 25 तारीख तक दोनों में और गिरावट का अनुमान व्यक्त किया है। श्री रमेश ने कहा कि सप्ताह के अंत तक तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। 
 

Advertising