दिल्लीः जेल से छूटे अपराधी के स्वागत में किया ‘शो ऑफ परेड’, पुलिस ने 83 लोगों को धरा

Friday, Jun 17, 2022 - 05:27 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी के छावनी क्षेत्र में एक अपराधी के जेल से ज़मानत पर छूटने के बाद उसके स्वागत रैली में उपद्रव और गुंडागर्दी करने के आरोप में 83 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, तुगलकाबाद एक्सटेंशन का निवासी आबिद अहमद (37) गोविंदपुरी थाने में अपराधी था जो बृहस्पतिवार को तिहाड़ जेल से ज़मानत पर बाहर आया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई कुख्यात सहयोगी और अपराधी दिल्ली छावनी क्षेत्र में उसके स्वागत में 'शो ऑफ परेड' करेंगे।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी ने कहा, अहमद के समर्थकों को उनकी रैली के दौरान सार्वजनिक उपद्रव और गुंडागर्दी करते हुए पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि रात के तकरीबन साढ़े दस बजे किर्बी पैलेस नाकेबंदी पर मौज-मस्ती कर रहे कुछ लोगों को रोका गया था। उन्होंने बताया कि 19 चार पहिया और दो दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया। एक किशोर को पकड़ने के अलावा 83 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 33 की हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और शस्त्र अधिनियम के मामलों में पहले से आपराधिक संलिप्तता है।

Yaspal

Advertising