लोगों का झुकाव फिर से कांग्रेस की ओर हुआ है: माकन

Friday, Apr 21, 2017 - 04:15 PM (IST)

नई दिल्ली:  दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने अरविंदर सिंह लवली के कांग्रेस की सदस्यता से त्यागपत्र देने से निगम चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर किसी प्रकार का असर न पडऩे का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तीनों निगमों में उनके दल की सरकार बनेगी। दिल्ली के तीनों निगमों के 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए करीब एक पखवाड़े तक चले प्रचार अभियान  के अंतिम दिन यहां माकन ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि पार्टी ने आतंरिक सर्वे कराया है और लोगों का झुकाव फिर से कांग्रेस की ओर हुआ है। सर्वे में लोगों की जो राय मिली है उससे कांग्रेस को 208 सीटें मिलने का अनुमान है।   


उन्होंने कहा कि तीनों निगमों में उनके महापौर और स्थायी समिति के अध्यक्ष बनेंगे। पार्टी ने 13 हजार से अधिक बूथों में प्रत्येक से चार-चार लोगों अर्थात 52 हजार से अधिक लोगों की राय लेकर यह सर्वेक्षण तैयार किया। निगम के लिये चुनाव प्रचार आज शाम साढे पांच बजे खत्म हो जाएगा। माकन ने कहा कि निगम चुनाव के लिए पार्टी के स्लोगन बहाने नहीं, विकास करेंगे, अनुभव है हमारे पासÞ को लोगों ने बहुत सराहा है। पार्टी के दिल्ली के लोगों की समस्याओं की जानकारी लेकर अलग-अलग क्षेत्रों के लिए तैयार किए गए छह घोषणा पत्र पर भी लोगों की सोच सकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि 70 विधानसभा क्षेत्रों और 14 जिलों में नियुक्त पर्यवेक्षकों ने भी चुनाव अभियान पर सकारात्मक राय दी। यह सभी पर्यवेक्षक दिल्ली के बाहर से थे। 

Advertising