मानसून में देरी: 1 से 9 जुलाई तक राजधानी में हुई 46% कम बारिश

Wednesday, Jul 10, 2019 - 01:38 PM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में मानसून की भारी बारिश के लिए और अधिक समय तक इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक बहुत हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को, दोपहर के बाद दिल्ली में गरज के साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना है। 5 जुलाई को मानसून के दस्तक देने के बाद से सफदरजंग वेधशाला ने 25.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।

वेधशाला ने पिछले 24 घंटों में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की है। कुल मिलाकर, मौसम केंद्र ने 1 जुलाई से 9 जुलाई तक 26.8 मिमी बारिश दर्ज की है, महीने के पहले पांच दिनों में केवल 1.4 मिमी वर्षा हुई, जिसका मतलब है कि दिल्ली में इस अवधि के दौरान 46 प्रतिशत कम बारिश हुई। अधिकारियों के अनुसार, आमतौर पर जुलाई के पहले नौ दिनों में 49.9 मिमी बारिश दर्ज की जाती है। उन्होंने कहा कि कम वर्षा के पीछे का एक बड़ा कारण इस क्षेत्र में मानसून के देर से पुहंचना है। मौसम विभाग ने 5 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी में मानसून की शुरुआत की घोषणा की थी।

आम तौर पर, वायु प्रणाली 29 जून तक शहर में पहुंच जाती है। भारतीय मौसम विभाग के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि हालांकि दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, अगले दो से तीन दिनों में ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। बुधवार को सुबह 8:30 बजे, शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता का स्तर 80 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

Seema Sharma

Advertising