सौतेले पिता की घिनौनी करतूत: नहाते वक्त बनाई बेटी की अश्लील वीडियो, फिर सालों तक ब्लैकमेल कर लूटता रहा आबरू
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 04:01 PM (IST)
नेशनल डेस्क: रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद खौफनाक मामला उत्तराखंड के सितारगंज से सामने आया है, जहां एक कलयुगी सौतेले पिता ने रक्षक बनने के बजाय अपनी ही बेटी का जीवन नर्क बना दिया। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि कैसे उसके सौतेले पिता ने उसकी मजबूरी और अकेलेपन का फायदा उठाकर सालों तक उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अकेलेपन का फायदा उठाकर बुना साजिश का जाल
इस दुखद दास्तां की शुरुआत साल 2017 में हुई जब पीड़िता के पिता का निधन हो गया। इसके बाद उसकी मां ने नानकमत्ता के रहने वाले एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली और पूरा परिवार शक्तिफार्म इलाके में बस गया। बदकिस्मती ने पीड़िता का पीछा नहीं छोड़ा। साल 2018 में बहन की शादी हो गई और 2019 में मां की भी मृत्यु हो गई। भाई पढ़ाई के सिलसिले में घर से बाहर चला गया, जिसके बाद वह घर में अपने सौतेले पिता के साथ अकेली रह गई। इसी दौरान आरोपी ने बाथरूम में नहाते समय युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो चोरी-छिपे बना लिए।
शादी के बाद भी नहीं रुका जुल्मों का सिलसिला
इन्हीं तस्वीरों को सार्वजनिक करने का डर दिखाकर आरोपी ने युवती को अपनी हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया। लोक-लाज के डर से वह सालों तक यह जुल्म सहती रही। साल 2021 में पीड़िता ने पीलीभीत के एक युवक से प्रेम विवाह किया, लेकिन अपने अतीत के इस काले सच को पति से छिपाए रखा। इसी साल 11 जनवरी 2026 को पीड़िता के पति की भी मौत हो गई। पति के निधन के मात्र दस दिन बाद, 21 जनवरी को निर्दयी सौतेला पिता उसकी ससुराल पहुंच गया और दोबारा जबरदस्ती करने की कोशिश की।
जब पीड़िता ने इस बार डटकर विरोध किया, तो आरोपी ने मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अब वह युवती को जान से मारने की खुली धमकियां दे रहा है। डरी-सहमी पीड़िता ने आखिरकार कानून का दरवाजा खटखटाया है। कोतवाल सुंदरम शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए गहन जांच की जा रही है।
