'ससुराल वालों की सोच कभी नहीं बदलेगी': शादी के 8 महीने बाद दुल्हन ने खत्म कर ली जीवन लीला... रोते हुए बनाया आखिरी वीडियो
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 12:54 PM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में एक महिला सरकारी शिक्षिका की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सृष्टि कंधारी के रूप में हुई है। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए अपनी परेशानी और दर्द बयां करती दिखाई दे रही है।
वीडियो में सृष्टि काफी भावुक नजर आ रही हैं। करीब 90 सेकंड के इस वीडियो में वह कई बार रोती हैं और कुछ देर तक बोल भी नहीं पातीं। बाद में उन्होंने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब और सहन नहीं कर पा रही हैं।
सरकारी टीचर सृष्टि कंधारी ने पिछले साल नवंबर में सरकारी कर्मचारी सौरभ रतूड़ी से शादी की थी और वे देहरादून शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर डोईवाला इलाके में रहते थे। पुलिस को दी गई शिकायत में कंधारी की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था और उसके पति और ससुराल वाले उसे 'बदनसीब' और 'मनहूस' कहते थे। फांसी लगाने से पहले रिकॉर्ड किए गए 90 सेकंड के वीडियो में कंधारी रोती और अपने चेहरे से आंसू पोंछती हुई दिख रही हैं, रिकॉर्डिंग शुरू करने के 35 सेकंड बाद ही वह कुछ बोल पाती हैं।
'सॉरी मम्मी, मैं ऐसे जा रही हूं', वह रोते हुए कहती हैं। 'सब कुछ कितना अजीब हो गया है। मैं छह महीने से यह सब सह रही हूं... अब मैं और नहीं सह सकती। उनकी सोच कभी नहीं बदल सकती। शादी के बाद जो कुछ भी हुआ, उसके लिए वे मुझे ही दोषी ठहराते रहे। (मुझे) 'मनहूस, मनहूस' कहते रहे," वीडियो खत्म होते-होते वह यह कहती हैं। उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया कि शादी के बाद से उन्हें लगातार मानसिक तनाव दिया जा रहा था और उन्हें कई महीनों तक अपशब्द कहे गए।
डोईवाला की सर्किल ऑफिसर वंदना वर्मा के अनुसार, महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर दहेज मृत्यु और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। सृष्टि कंधारी सरकारी शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति भी सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। शादी के आठ महीने बाद हुई इस मौत के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
