बड़ी खबर! देहरादून जिला कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 12:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड में न्यायिक परिसरों को निशाना बनाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर से बुधवार को देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। जिला जज के कार्यालय को मिले एक धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।

सुरक्षा का कड़ा पहरा और सर्च ऑपरेशन

धमकी की सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के चलते से सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया और पूरे कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर बैरिकेडिंग लगा दी गई। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

पाकिस्तानी संगठन पर गहराता संदेह

शुरुआती जांच और ईमेल के सोर्स को देखते हुए पुलिस को इसके पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन का हाथ होने की आशंका है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने पुष्टि की कि यह धमकी सीधे जिला जज के ईमेल पर आई थी। हालांकि, गहन तलाशी के बाद अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत भी हो सकती है।

पूरे प्रदेश में अलर्ट

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है; पिछले कुछ दिनों में हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल की जिला अदालतों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। सोमवार को ही नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी। पुलिस अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है ताकि अफवाह फैलाने या साजिश रचने वालों को पकड़ा जा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News