पैगसस मामला: रक्षा मंत्रालय ने संसद में कहा- NSO समूह से कोई लेनदेन नहीं हुआ

Monday, Aug 09, 2021 - 06:08 PM (IST)

नई दिल्लीः जिस पैगसस मामले पर विपक्ष ने पूरे मानसून सत्र के दौरान संसद को चलने नहीं दिया है और आरोप लगाया कि सरकार पैगसस के जरिए लोगों के फोन में जासूसी कर रही है उसको लेकर सरकार की तरफ से संसद में बड़ा बयान दिया गया है। रक्षा मंत्रालय ने राज्यसभा में लिखित जवाब में कहा कि मंत्रालय का NSO Group Technologies से कोई लेनदेन नहीं हुआ है।  NSO Group के पास ही जासूसी के सॉफ्टवेयर पैगसस का स्वामित्व है।

बता दें, इस विवाद की वजह से संसद के मॉनसून सत्र में काफी हंगामा मचा हुआ है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की जांच में सामने आया था कि इजरायली स्पाईवेयर पेगासुस का इस्तेमाल करते हुए भारत में कई लोगों को संभावित निशाना बनाया गया था। इनमें विपक्षी नेता, केंद्रीय मंत्री, भारतीय पत्रकार और अन्य लोग शामिल थे।

हंगामे के कारण सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल दोनों नहीं हो सके। इससे पहले, सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई सभापति एम वेंकैया नायडू ने भारत छोड़ो आंदोलन की 79वीं वर्षगांठ पर आजादी के आंदोलन के शहीदों को याद किया और पूरे सदन ने उन्हें कुछ क्षणों का मौन रख श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभापति ने तोक्यो ओलंपिक में भारत के शानदार प्रर्दशन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ओलंपिक खेलों में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

Yaspal

Advertising