रक्षा मंत्रालय का SC में हलफनामा, कहा- अवैध फोटोकॉपी से राफेल की सूचनाएं की लीक

Wednesday, Mar 13, 2019 - 05:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्रालय ने राफेल लड़ाकू विमान मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया। रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया कि देश की संप्रभुता के साथ समझौता हुआ है। अवैध फोटोकॉपी से राफेल की सूचनाएं लीक की गई है। 


केन्द्र ने न्यायालय से कहा कि याचिकाकर्ता यशवंत सिन्हा, अरूण शौरी और प्रशांत भूषण संवदेनशील जानकारी लीक करने के दोषी हैं। अनधिकृत रूप से राफेल दस्तावेज की फोटोप्रतियां तैयार करने से देश की सार्वभौमिकता, सुरक्षा और दूसरे देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों पर प्रतिकूल असर पड़ा।  

हलफनामे में कहा कि पुर्निवचार याचिका के दस्तावेज संवेदनशील हैं और लड़ाकू विमान से संबंधित हैं और विरोधी के पास इनकी उपलब्धता ने राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है। याचिकाकर्ता राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में आंतिरक मंत्रणा के बारे में आधी अधूरी तस्वीर पेश करने के लिये अनधिकृत तरीके से प्राप्त दस्तावेज अपने हिसाब से पेश कर रहे हैं। केन्द्र ने कहा कि याचिका में जिन दस्तावेजों को आधार बनाया गया है वे एक श्रेणी के हैं जिनके लिये साक्ष्य कानून के तहत विशेषाधिकार का दावा किया जा सकता है। 

बता दें कि रक्षा मंत्रालय ने सुप्रीम कोर्ट से राफेल मामले में हलफनामा दायर करने की अनुमति मांगी थी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने भारत व फ्रांस के बीच हुए राफेल करार को चुनौती देने वाली सारी याचिकाओं को खारिज कर सरकार को क्लीनचिट दे दी थी। इस फैसले के खिलाफ पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण शौरी व यशवंत सिन्हा तथा वकील प्रशांत भूषण ने साझा पुनर्विचार याचिका दायर की थी। 

vasudha

Advertising