BJP आज चुनेगी विधायक दल का नेता, उत्तराखंड के CM पर खत्म होगा सस्पेंस

Friday, Mar 17, 2017 - 09:08 AM (IST)

नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा और भाजपा के नव निर्वाचित विधायक आज अपने नेता को चुनेंगे। पार्टी के दो केन्द्रीय पर्यवेक्षकों केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष सरोज पांडे ने गुरुवार को पार्टी विधायकों के साथ एक बैठक की।

सूत्रों ने यहां बताया कि केन्द्रीय पर्यवेक्षकों,पार्टी के उत्तराखंड मामलों के प्रभारी श्याम जाजू और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की मौजूदगी में पार्टी के नवनिर्वाचित 57 विधायकों की बैठक हुई। मुख्यमंत्री की दौड़ में सतपाल महाराज,त्रिवेन्द्र सिंह रावत और प्रकाश पंत के नाम शामिल है। पिथौरागढ़ के विधायक प्रकाश पंत को कुमाऊं क्षेत्र का लोकप्रिय नेता माना जाता है। दोइवाला के विधायक रावत भी मुख्यमंत्री की दौड़ में आगे हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का समर्थन और वह लंबे समय से संघ से जुड़े हुए हैं।

परेेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण की तैयारियां
नई सरकार का शपथ ग्रहण 18 मार्च को शाम 3 बजे परेड ग्रांउड में होगा और यहां इस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा देश के कई अन्य प्रमुख पार्टी नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

ये चेहरे हैं सीएम पद की रेस में
उत्तराखंड में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद से ही भाजपा में सीएम पद के दावेदारों को लेकर कयासों का दौर चल रहा है। इस रेस में डोइवाला से पार्टी विधायक त्रिवेंद्र सिंह रावत और पिथौरागढ़ से विधायक प्रकाश पंत का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं चौबट्टाखाल से विधायक सतपाल महाराज भी दौड़ में बताए जा रहे हैं। हालांकि बस दो साल पहले ही भाजपा में शामिल होने के कारण सतपाल महाराज सरकार में शीर्ष पद देने की संभावना कम नजर आ रही है।

 

Advertising