ओडिशा में ‘तितली’ का कहर जारी, अब तक 26 लोगों की मौत

Tuesday, Oct 16, 2018 - 06:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ओडिशा में चक्रवाती तूफान ‘तितली’ और उसके बाद आई बाढ़ के कारण अब तक कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है। विशेष आपदा आयुक्त के सूत्रों के अनुसार तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित गजपति जिले में कुल 18 लोगों की जान गयी है। 
गंजम जिले में तीन, अंगुल, कटक, किओनझार, नयागढ़ और कंधमाल जिले में तूफान से एक-एक व्यक्ति की मौत हुयी है। यह मौतें भूस्खलन, दीवार गिरने, डूबने और पेड़ गिरने के कारण हुयी हैं।  ओडिशा में इस प्राकृतिक आपदा से कुल 57 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। चक्रवाती तूफान तितली के कारण 51 हजार से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है।
राज्य के 16 जिलों के 114 ब्लॉकों में 2,34,207 हेक्टेयर भूमि पर लगी फसल बर्बाद हुयी है।  राज्य में विपक्षी दल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा कि चक्रवाती तूफान के कारण संपत्ति और लोगों को काफी नुकसान हुआ है। कांग्रेस और भाजपा ने चक्रवाती तूफान के कारण 45 लोगों के मारे जाने दावा किया है जबकि माकपा के मुताबिक तूफान से 40 से अधिक लोगों की मौत हुयी है। 


कांग्रेस प्रदेश समिति के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने‘तितली’प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद करीब मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। राज्य सरकार ने जिला अधिकारियों को तूफान के कारण मारे गए लोगों के परिजनों को चार लाख रुपये सहायता राशि देने का निर्देश दिया है।

vasudha

Advertising