कांग्रेस ने घोषणापत्र में पूर्ण राज्य की मांग पर दिल्ली के साथ किया सौतेला व्यवहार: आप

Tuesday, Apr 02, 2019 - 09:26 PM (IST)

नई दिल्ली: आप ने कांग्रेस के घोषणापत्र में दिल्ली के पूर्ण राज्य की मांग पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस ने भी दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया है। आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में दिल्ली की जनता के साथ सौतेला रवैया अपनाते हुए पुदुचेरी के लिए तो पूर्ण राज्य का दर्जा देने की बात कही है, लेकिन दिल्ली की मांग से खुद को दूर कर लिया। 

राय ने कहा, ‘पूर्व में कांग्रेस के नेताओं ने समय-समय पर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की बात कही है। जनवरी 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय भी कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य की बात कही थी।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र से दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य का मुद्दा हटाना दिल्ली वालों के लिए दुख और आश्चर्य की बात है।

उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि वह दिल्ली की जनता का साथ देने के बजाय पूर्ण राज्य के मुद्दे से भाग क्यों रही है? राय ने कांग्रेस से अपील की है कि पार्टी अपने इस घोषणापत्र पर पुर्निवचार कर पुदुचेरी की तर्ज पर दिल्ली के लिए भी पूर्ण राज्य की मांग को अपने घोषणापत्र का हिस्सा बनाए।
 

shukdev

Advertising