DDCA चुनावः जेतली ने झोंकी पूरी ताकत

Thursday, Jun 07, 2018 - 10:29 AM (IST)

नेशनल डेस्कः अगर आप सोचते हैं कि दिल्ली और जिला क्रिकेट एसो. (डी.डी.सी.ए.) के चुनावों का कोई महत्व नहीं क्योंकि अदालतें इन दिनों इस संबंध में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं तो आपको यह जानकर हैरानगी होगी कि बिना विभाग के केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री अरुण जेतली गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद आराम फरमाते हुए भी अस्पताल के अपने बिस्तर से डी.डी.सी.ए. के चुनावों पर लगातार नजर रख रहे हैं, यद्यपि प्रधानमंत्री ने उन्हें पूर्ण विश्राम करने की सलाह दी है क्योंकि वह इस अवधि के दौरान किसी तरह के काम का उन पर बोझ नहीं डालना चाहते फिर भी जेतली क्रिकेट की राजनीति में संलिप्त हैं और इन चुनावों के संबंध में निर्देश देने हेतु अपने बैड से स्लिपों का आदान-प्रदान करने के लिए काफी समय निकाल रहे हैं।

जेतली की क्रिकेट में काफी रुचि है। वह महसूस करते हैं कि उनके लोगों को डी.डी.सी.ए. का काम चलाना चाहिए। हैरानगी की बात यह कि कांग्रेस भी जेतली के लिए सहायक की भूमिका निभा रही है। उनके मित्र राजीव शुक्ला उनका साथ दे रहे हैं। प्रियंका गांधी ने राजीव शुक्ला को हरी झंडी दे रखी है कि वह जो चाहे करें मगर उन्हें आने वाले महीनों में बी.सी.सी.आई. के अध्यक्ष का शक्तिशाली पद जीतना चाहिए। अगर डी.डी.सी.ए. का पद भाजपा को मिल भी जाता है तो क्या होगा।

ऐसी चर्चा है कि जेतली ने लम्बे समय के अपने विश्वासपात्र मित्र और टी.वी. के लोकप्रिय व्यक्ति रजत शर्मा के नाम को डी.डी.सी.ए. प्रधान पद के लिए मंजूरी दे दी है। न केवल रजत शर्मा बल्कि जेतली ने डी.डी.सी.ए. के सभी पदाधिकारियों के नामों को भी मंजूरी दे दी है। ये चुनाव 30 जून को होने हैं। दिल्ली में जेतली और कांग्रेस इकट्ठे हो गए हैं इसलिए जेतली के गुट की जीत पहले से ही तय है। अब जेतली एम्स में 3 सप्ताह रहने के बाद घर लौट आए हैं, उनके स्वास्थ्य में भी तेजी से सुधार हो रहा है। वह फिल्में देख रहे हैं। नावल पढ़ रहे हैं और चिकन भी खा रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि अगले एक सप्ताह के भीतर वह वित्त मंत्रालय में फिर सक्रिय हो जाएंगे जब प्रधानमंत्री उनको फिर से औपचारिक रूप से वित्त मंत्री नियुक्त करेंगे।

Seema Sharma

Advertising