इशारों में ही कह दिया 'मां' तुझे विनम्र श्रद्धांजलि

Thursday, Aug 08, 2019 - 11:18 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): किसी ने शब्दों से अपनी भावनाएं बयां की तो किसी ने अलग-अलग नाम देकर सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। खेल जगत की हस्तियां हों या फिर सिनेमा के नामचीन चेहरे, राजनेताओं, नौकरशाहों की जमात सभी ने पूर्व विदेश मंत्री और पूर्व दिल्ली की मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया। उनकी भारतीयता की छवि और सशक्त हिन्दूवादी, भारतीय महिला के हस्ताक्षर का गवाह ट्वीटर भी बना इसीलिए किसी ने उसे मां जैसी मिनिस्टर कहा तो किसी ने ओजस्वी, तेजस्वी वक्ता, आयरन लेडी की संज्ञा दी। 


देर शाम तक करीबन 20 हजार ट्वीट तो नामचीन हस्तियों ने किए थे तो वहीं करीबन दो लाख ट्वीट शोक संवेदनाएं जताने वालों के सामने आए। सैकड़ों पत्रकारों ने अपने अनुभव सुनाए और बताया कब, किसने कैसे उनसे मुलाकात की, कैसे उन्होंने जन शिकायतों पर तुरंत राहत पहुंचाई। मीडिया हाउसेस ने सुषमा स्वराज के निधन की पल-पल की खबरें दी और हर क्षण को अपडेट किया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री की आवाजाही हो या फिर शवयात्रा का आंखो देखा हाल, ट्वीटर पर सब कुछ सामने आ रहा था। कल्याण सिंह ने कहा कि जीवन मरण से भला कौन बचा है? सुषमा जी चली गईं, यादें रह जाएंगी। ये यादें ही उनकी अमरता की कहानी होंगी। विपक्ष में सशक्त आवाज रहीं, सत्ता पक्ष में पूरी ममता के साथ नागरिकों की सेवा की। वह सुषमा स्वराज थीं जो होना आसान नहीं होता...विनम्र श्रद्धांजलि। 

एक ट्वीटर ने उनके पति का पत्र ट्वीट कर कहा कि स्वराज कौशल का यह पत्र देखकर कलेजा मुंह को आ गया। मेरे पास शब्द नहीं हैं। कपिल मिश्रा ने भी इस पत्र को ट्वीट किया और कहा कि मैडम मैं आपके आसपास 46 साल से दौड़ रहा हूं...। यह पत्र भी वायरल हो गया। 

दीदी, फूल भी चिंगारी भी और न जाने कितने नामों से उनको पुकारते हुए अलग-अलग किस्से, कहानियों से अटा पड़ा ट्वीटर देर रात तक सुषमा स्वराज के चले जाने का अहसास करवा रहा था। दिल्ली के दानिक्स अधिकारियेां ने भी श्रद्धांजलि दी और दानिक्स अधिकरियों की एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस परिहार ने कहा कि वह मृदुभाषी, विदुषी और ममतामयी राजनेता थी। पाकिस्तान से आई गीता जुबां से कुछ न कह सकी लेकिन सांकेतिक भाषा में अपनी ‘मां’ को श्रद्धांजलि अर्पित करती हैं। यह वीडियो भी ट्वीटर पर वायरल हुआ। 

vasudha

Advertising