दिल्लीः साथियों की गिरफ्तारी के बाद दबंगों ने पुलिस चौकी पर किया हमला, पुलिसकर्मी घायल

Thursday, Jun 11, 2020 - 05:03 PM (IST)

नई दिल्लीः लूट और मारपीट के आरोप में एक व्यक्ति और उसके दो भाईयों की गिरफ्तारी के विरोध में उनके साथियों ने उत्तरी दिल्ली में एक पुलिस चौकी पर पत्थर फेंके और एक पुलिस कर्मी पर गोली भी चलाई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सादकीन, आशकीन और शाहरुख ने बुधवार को कथित तौर पर मुफ्त का खाना देने से मना करने पर बेकरी मालिक अखलाक के साथ लूट और मारपीट की थी जिसके बाद उन्हें इंद्रलोक पुलिस चौकी पर हिरासत में ले लिया गया था।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मोनिका भारद्वाज ने कहा कि पुलिस चौकी पर हमले के सिलसिले में एक मामला दर्ज किया गया है। सादकीन और उसके भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी पर हमला करने वालों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात 10 बजे हुई। अखलाक ने इंद्रलोक पुलिस चौकी पर शिकायत की कि बेकरी का सामान मुफ्त में देने से मना करने पर झड़प हो गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि सादकीन और उसके भाईयों ने बेकरी में लूटपाट और अखलाक के साथ मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार सादकीन और उसके भाईयों को पूछताछ के लिए चौकी ले आया गया जहां उसके भाईयों ने उत्तेजित होकर पुलिसकर्मियों से झगड़ा किया। उनके हिरासत में लिए जाने के कुछ देर बाद उनके साथी लाठियां लेकर चौकी पर आए और पत्थरबाजी करने लगए। आरोपी के सहयोगियों में से एक नावेद ने एक पुलिस कर्मी पर गोली चला दी जिसके बाद आत्मरक्षा में उप निरीक्षक पंकज ने दो राउंड गोलियां चला दी। अधिकारियों ने बताया कि पत्थरबाजी में एक पुलिस कर्मी के सिर पर चोट लगी और फिलहाल वह उपचाराधीन है। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है।

 

Yaspal

Advertising