DA Hike: 12 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, इस राज्य सरकार ने बढ़ाया DA, एक जनवरी से माना जाएगा फैसला
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 07:44 AM (IST)
DA Hike: राजस्थान सरकार ने राज्य कर्मियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से 12 लाख से अधिक कर्मियों और पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सातवें वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत अब 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा और यह निर्णय एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगा। उन्होंने बताया कि लगभग 7.02 लाख राज्य कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनभोगी इस निर्णय से लाभान्वित होंगे। पंचायत समितियों और जिला परिषदों के कर्मचारी भी संशोधित दरों के अंतर्गत आएंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस निर्णय से राज्य सरकार पर लगभग 1,156 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय बोझ पड़ेगा।
कब मिलेगा बढ़ा हुआ पैसा?
सरकार के मुताबिक: बढ़ा हुआ DA मई 2026 के वेतन के साथ जोड़ा जाएगा। इसका भुगतान जून 2026 में नकद किया जाएगा। 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक का बकाया कर्मचारियों के GPF (General Provident Fund) खातों में जमा किया जाएगा। पेंशनभोगियों को यह राशि सीधे नकद मिलेगी।
