DA Hike 2026: डीए बढ़ोतरी पर इस दिन लग सकती है मुहर! केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आया ताजा अपडेट

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 06:12 PM (IST)

DA Hike 2026: होली का त्योहार बीते करीब दो हफ्ते हो गए हैं, लेकिन केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की नजरें अब भी सरकार की ओर टिकी हैं। महंगाई के इस दौर में अपनी आर्थिक स्थिति को संतुलित करने के लिए कर्मचारी महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनर्स महंगाई राहत (DR) की आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 

क्या है इस बार की उम्मीद? 

ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के पिछले 12 महीनों के औसत आंकड़ों के विश्लेषण से संकेत मिल रहे हैं कि जनवरी 2026 से लागू होने वाले डीए में 2% की वृद्धि हो सकती है। यदि सरकार इस पर मुहर लगाती है, तो वर्तमान डीए 58% से बढ़कर 60% पर पहुंच जाएगा। हालांकि,  अंतिम आंकड़ों की पुष्टि कैबिनेट की औपचारिक घोषणा के बाद ही होगी। 

डीए घोषणाओं का ऐतिहासिक विश्लेषण (2021-2025)  

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा के समय और त्योहारों के बीच एक दिलचस्प संबंध दिखाई देता है। आमतौर पर, सरकार साल की दूसरी छमाही (जुलाई-दिसंबर) का ऐलान दिवाली से पहले कर देती है, जबकि पहली छमाही (जनवरी-जून) का ऐलान अक्सर होली के इर्द-गिर्द या उसके ठीक बाद होता है। 

वर्ष 2025 की बात करें तो जनवरी-जून चक्र के लिए 2% बढ़ोतरी का ऐलान 28 मार्च को हुआ, जबकि होली 14 मार्च को ही बीत चुकी थी। वहीं, दूसरी छमाही (जुलाई-दिसंबर) के लिए 3% की वृद्धि की घोषणा दिवाली (21 अक्टूबर) से ठीक पहले 1 अक्टूबर को कर दी गई, जिससे डीए 58% के स्तर पर पहुंच गया। 

इससे पहले वर्ष 2024 एक अपवाद के रूप में दिखा, जहां होली 25 मार्च को थी लेकिन सरकार ने 7 मार्च को ही 4% बढ़ोतरी के साथ डीए को 50% पर पहुंचा दिया था। उसी साल दिवाली 31 अक्टूबर को थी और उससे पहले 16 अक्टूबर को 3% डीए बढ़ाने का ऐलान हुआ। 

वर्ष 2023 में पुरानी परंपरा लौट आई, जब 8 मार्च को होली बीतने के बाद 24 मार्च को 4% वृद्धि (कुल 42%) की घोषणा हुई, और फिर 12 नवंबर की दिवाली से पहले 18 अक्टूबर को इसे बढ़ाकर 46% किया गया। 

वर्ष 2022 में भी यही स्थिति रही; 18 मार्च को होली होने के बावजूद 30 मार्च को 3% डीए बढ़ोतरी (कुल 34%) का ऐलान हुआ, जबकि 24 अक्टूबर की दिवाली के लिए 28 सितंबर को ही 4% की सौगात मिल गई थी। 

सबसे चुनौतीपूर्ण समय 2021 का था, जब कोविड महामारी के कारण जनवरी-जून का डीए फ्रीज रहा और 29 मार्च की होली सूनी रही। हालांकि, 4 नवंबर की दिवाली से पहले 21 अक्टूबर को सरकार ने 3% की बढ़ोतरी कर डीए को 31% पर लाकर राहत दी थी। 

क्यों हो रही है देरी? 

2021 से 2025 के बीच के पैटर्न का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि 2024 एक बड़ा अपवाद था, जब चुनाव या अन्य कारणों से होली से पहले ही घोषणा कर दी गई थी। अन्यथा, पिछले साल (2025) की तरह इस साल भी सरकार पुराने ढर्रे पर चलती दिख रही है, जहां होली बीतने के बाद ही फाइल को कैबिनेट की मंजूरी मिलती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News