चक्रवात यास ‘भीषण चक्रवाती तूफान' में तब्दील हुआः मौसम विभाग

Tuesday, May 25, 2021 - 10:56 PM (IST)

नेशनल डेस्कः चक्रवात यास मंगलवार की शाम को भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक एम. महापात्र ने दी। आईएमडी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए ‘रेड कोडेड' चेतावनी अलर्ट जारी किया है। 

महापात्र ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिम और बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान यास भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है।'' यह उत्तर- उत्तर पश्चिम की तरफ मुड़ सकता है तथा इसकी तीव्रता और अधिक हो सकती है। यह बुधवार की सुबह तक उत्तर ओडिशा में धर्मा बंदरगाह के पास दस्तक दे सकता है।

आईएमडी के चक्रवात चेतावनी विभाग ने कहा, ‘‘यह बुधवार की दोपहर उत्तर ओडिशा - पश्चिम बंगाल में पारादीप और सागर द्वीप के तटों के बीच धर्मा के नजदीक से भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में गुजर सकता है।'' इसने बताया कि पारादीप में डोप्लर मौसम रडार से इसकी निगरानी की जा रही है। 

नवीन पटनायक ने की बैठक
इससे पहले भीषण चक्रवाती तूफान ‘‘यास'' के ओडिशा में दस्तक देने के मद्देनजर राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को अधिकारियों से कहा कि लोगों का जीवन बचाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं। राज्य में चक्रवात की स्थिति का जायजा लेने के लिए पटनायक ने एक बैठक की। राज्य के तटीय इलाकों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश होने से लोगों के जनजीवन पर इसका असर पड़ने लगा है। ओडिशा के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हर जीवन अनमोल है, इसलिए जीवन रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाने चाहिए।'' 

Yaspal

Advertising