7 नवंबर को गुजरात तट से टकरा सकता है तूफान ‘महा’, अलर्ट पर NDRF

Tuesday, Nov 05, 2019 - 08:50 AM (IST)

गांधीनगर : अरब सागर में उठे अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान ‘महा’ के कल से गुजरात की ओर रुख करने और 7 नवंबर की सुबह दीव और पोरबंदर के बीच किसी स्थान पर तट से टकराने (लैंडफॉल करने) की संभावना है। इस बीच राज्य सरकार ने लोगों से नहीं घबराने और अपने रोजमर्रा के काम नियमित ढंग से करने की अपील की है। वहीं अनुमान लगाया जा रहा है कि गुजरात पहुंचने से पहले चक्रवात ‘महा' की ताकत कम होने की संभावना है।

ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि 7 नवंबर से पहले देवभूमि-द्वारका जिले और केंद्र शासित प्रदेश दीव के क्षेत्रों में गुजरात तट पर चक्रवाती तूफान ‘महा' दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने संभावना जतायी है कि सात नवंबर से पहले ही ‘महा' का प्रभाव कम हो सकता है। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 15 अतिरिक्त टीमों को तैयार रखा है और नौसेना इकाइयों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक की और केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने कहा कि चक्रवाती तूफान 'महा' गुरुवार सुबह पोरबंदर और दीव के बीच गुजरात तट तक पहुंचने से पहले चक्रवाती तूफान ‘महा' का प्रभाव कम हो जाएगा।

Seema Sharma

Advertising