ओडिशा: पुरी में आज दोपहर तक पहुंच सकता है चक्रवाती तूफान 'जवाद', तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू

Sunday, Dec 05, 2021 - 09:32 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि चक्रवाती तूफान 'जवाद' कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल गया और आज पुरी पहुंचने तक इसके और कमजोर पड़ने की संभावना है। यह आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए राहत की बात है। इसके आज दोपहर के आसपास पुरी के निकट पहुंचने की संभावना है।

 

इसके बाद, इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर ओडिशा के तट के साथ पश्चिम बंगाल के तट की ओर बढ़ने तथा अगले 24 घंटों के दौरान इसके और कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।''

सऊदी अरब ने चक्रवात का नाम 'जवाद' रखा है, जिसका मतलब उदार या दयालु से है। गत 30 नवंबर को अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ था। IMD ने कहा कि यह 2 दिसंबर को एक दबाव के क्षेत्र में और शुक्रवार की सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया तथा शुक्रवार दोपहर यह चक्रवात में तब्दील हो गया।

IMD ने रविवार को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटों से लगते क्षेत्रों और उत्तरी ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा रविवार और सोमवार को असम, मेघालय और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। IMD ने रविवार तक बंगाल की मध्य और उत्तरी खाड़ी में नौवहन और मछुआरों के लिए समुद्री स्थिति प्रतिकूल रहेगी।

Seema Sharma

Advertising