डकैती व हत्या में फरार चल रहे दो इनामी बदमाश अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

Friday, Jul 29, 2022 - 09:02 PM (IST)

चंडीगढ़, 29 जुलाई-(अर्चना सेठी) हरियाणा पुलिस ने इनामी व वांटेड बदमाशों की धरपकड़ के तहत 40,000 रुपये के दो इनामी अपराधियों को पलवल जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए क्रिमिनल्स में एक पर 25,000 रुपये का इनाम है व दूसरे  की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 15000 रुपये का इनाम था।   हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि जहां एक बदमाश डकैती की वारदात में 2009 से फरार चल रहा था, वहीं दूसरा पिछले 4 साल से पुलिस की गिरफत से बचता घूम रहा था।गुप्त सूचना पर पुलिस ने दोनों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल और एक कारतूस भी बरामद हुआ।    

                 

पहले मामले में पुलिस की टीम को एक व्यक्ति के बारे में गुप्त जानकारी मिली कि वह अपराध को अंजाम देने के इरादे से अवैध हथियार सहित शुगरमिल के पास खड़ा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी कर आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लोडेड अवैध देसी पिस्टल भी बरामद हुई।प्राथमिक जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी को वर्ष 2009 में डकैती की घटना में शामिल पाया गया। हरियाणा पुलिस ने उस पर 25000 रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ 17 मार्च 2009 को बोलेरो वाहन पर लाल बत्ती लगाकर परचून से लदे ट्रक को लूटा था। उक्त मामले में पुलिस पहले ही 50000 रुपये और 25000 रुपये के 2 इनामी सहित 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है

 

                   दूसरे मामले में पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है जो उत्तर प्रदेश पुलिस की वांछित सूची में था। उसके पास से एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बिसम्बरा थाना शेरगढ़ निवासी इसरी उर्फ इसराइल के रूप में हुई है। वह 2018 में एक हत्या के बाद से फरार था। यूपी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15000 रुपये का इनाम घोषित किया था।दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

Archna Sethi

Advertising