मणिपुर में भाजपा की कुर्सी पर संकट, कांग्रेस बोली- हमें सरकार बनाने का पूरा भरोसा

Thursday, Jun 18, 2020 - 04:29 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मणिपुर में भाजपा नीत सरकार के सामने आसन्न राजनीति संकट के बीच कांग्रेस ने अपनी सरकार बनाने का भरोसा जताया है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओ. इबोबी सिंह कहा कि उनकी पार्टी राज्यपाल डॉ. नजमा हेपतुल्ल से बीरेन सिंह सरकार को सदन में बहुमत साबित करने का आदेश देने के लिए गुजारिश करेगी। इबोबी सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यपाल कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगी। सिंह ने यहां बुधवार देर रात एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा और पार्टी से इस्तीफा देने वाले भाजपा के तीन विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

 

सिंह ने बताया कि उन्होंने भाजपा नीत गठबंधन सरकार से इस्तीफा देने वाले नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के सभी चारों मंत्रियों से राज्य के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए संपर्क किया। चारों मंत्रियों ने दावा किया कि सरकार उनके और उनकी पार्टी के साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर रही थी, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिया। उपमुख्यमंत्री वाई जॉयकुमार सिंह, आदिवासी एवं पर्वतीय क्षेत्र विकास मंत्री एन कायिशी, युवा मामलों और खेल मंत्री लेतपाओ हाओकिप और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एल जयंत कुमार सिंह ने बुधवार को मंत्री पदों से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा विधायक एस सुभाषचंद्र सिंह, टीटी हाओकिप और सैमुअल जेंदई ने विधानसभा तथा पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

Seema Sharma

Advertising