ममता कैबिनेट में 28 मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले, 32 करोड़पति

Wednesday, May 12, 2021 - 05:09 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पश्चिम बंगाल के करीब तीन चौथाई मंत्री करोड़पति हैं जबकि 28 फीसदी मंत्रियों ने माना कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले हैं। द वेस्ट बेंगाल इलेक्शन वॉच एंड एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आये हैं।

एडीआर ने मुख्यमंत्री समेत 44 में से 43 मंत्रियों के ब्यौरे का विश्लेषण किया है। इनमें नौ महिला मंत्री हैं। एक मंत्री अमित मित्रा का डाटा उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके बारे में विश्लेषण नहीं किया जा सका। मित्रा ने 2021 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है। राज्य के 43 में से 12 मंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामला होने की घोषणा की है। इनमें सात मंत्रियों ने स्वयं के विरुद्ध गंभीर आपराधिक मामले होने की बात स्वीकार की है।

दूसरी तरफ 43 में से 32 मंत्रियों ने स्वयं को करोड़पति घोषित किया है। कस्बा निर्वाचन क्षेत्र के अहमद जावेद खान सर्वाधिक 32.33 करोड़ की संपत्ति के साथ अग्रिम स्थान पर हैं। खान ने स्वयं पर 41.51 करोड़ की देनदारियां होने की भी घोषणा की है। वहीं झारग्राम निर्वाचन क्षेत्र के बिरवहा हंसदा ने सबसे कम 3.06 लाख की संपत्ति घोषित की है।

शैक्षिणक योग्यता के लिहाज से 23 प्रतिशत यानी 10 मंत्री आठवीं से 12 वीं तक शिक्षा प्राप्त हैं जबकि 74 फीसदी यानी 32 मंत्रियों ने स्वयं को स्नातक और इससे ऊपर की डिग्री धारी घोषित किया है। एक मंत्री डिप्लोमा धारी हैं। सोलह प्रतिशत यानी सात प्रतिशत मंत्रियों की आयु 30 से 50 वर्ष के बीच है जबकि 84 प्रतिशत यानी 36 मंत्रियों ने अपने को 51 से 80 वर्ष के बीच का बताया है। 

Yaspal

Advertising