कोविड के मामलों में एक बार फिर उछाल, संख्या पहुंची 1200 के पार... एक की मौत

punjabkesari.in Wednesday, May 28, 2025 - 06:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में एक बार फिर कोविड-19 मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में सक्रिय मामलों की संख्या 1200 के पार पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल है, जहां 430 केस सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 208, और दिल्ली व कर्नाटक में 100 से अधिक संक्रमित मरीज पाए गए हैं।

बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में भी संक्रमण
पिछले 24 घंटे में बिहार में 6 और अरुणाचल प्रदेश में 1 नया मामला दर्ज किया गया है। कोविड मामलों में हो रही यह बढ़ोतरी JN.1 वेरिएंट के चलते बताई जा रही है, जो कि ओमिक्रॉन का एक सब-वेरिएंट है।

कोरोना से पंजाब में एक मरीज की मौत
पंजाब के चंडीगढ़ में कोरोना से एक व्यक्ति की पहली मौत की पुष्टि हुई है। लुधियाना निवासी 40 वर्षीय मरीज को सांस लेने में दिक्कत के चलते GMCH-32 में भर्ती कराया गया था। कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

विशेषज्ञों की क्या है राय?
AIIMS के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि JN.1 वेरिएंट, ओमिक्रॉन के BA.2.86 स्ट्रेन का हिस्सा है और इसे 'पिरोला' भी कहा जाता है। इसमें लगभग 30 म्यूटेशन हैं, जो इसे अधिक संक्रामक बनाते हैं और इम्यून सिस्टम को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वेरिएंट ज़्यादा खतरनाक नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News