स्टडी में बड़ा खुलासा- COVID के गंभीर लक्षणों से डिलीरियम बीमारी का खतरा, दिमाग हो सकता है खराब

Thursday, Sep 23, 2021 - 12:20 PM (IST)

वॉशिंगटन- कोविड-19 महामारी को लेकर अमेरिका में किए गए एक अध्ययन में यह पाया गया कि 73 प्रतिशत मरीजों को डिलीरियम नामक बीमारी थी।  दरअसल, अमेरिका में कोविड-19 महामारी की शुरुआत में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए 150 मरीजों पर यह अध्ययन किया गया है। जिसमें 73 प्रतिशत मरीजों में डिलीरियम नामक बीमारी पाई गई। 
 

क्या है डिलीरियम नामक बीमारी
डिलीरियम चित्तविभ्रम की एक गंभीर स्थिति है, जिसमें दिमाग के ठीक तरह से काम न करने के कारण व्यक्ति भ्रम, उत्तेजना में रहता है और स्पष्ट रूप से सोच-समझ नहीं पाता।अध्ययन में यह पाया गया कि डिलीरियम के मरीज उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों से भी पीड़ित रहते हैं और उनमें कोविड-19 संबंधी लक्षण अधिक गंभीर दिखाई देते हैं।
 

अध्ययन के अनुसार, कोविड का संबंध कई अन्य प्रतिकूल नतीजों से भी है जिससे लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है और स्वस्थ होना मुश्किल हो जाता है। अध्ययनकर्ताओं ने मार्च और मई 2020 के बीच आईसीयू में भर्ती रहे मरीजों के एक समूह को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनके मेडिकल रिकॉर्ड्स और टेलीफोन पर किए गए सर्वेक्षण का इस्तेमाल किया।
 

डिलीरियम बीमारी के प्रभाव-
अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि डिलीरियम से ही दिमाग में ऑक्सीजन की कमी हो सकती है और साथ ही खून के थक्के जम सकते हैं और आघात आ सकता है, जिससे सोचने-समझने की क्षमता खो सकती है। उन्होंने बताया कि डिलीरियम के मरीजों में दिमाग में सूजन बढ़ जाती है जिससे दिमाग में सूजन से भ्रम और बेचैनी बढ़ सकती है।
 

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी मरीज में बना रहता है यह खतरा
अध्ययन के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी सोचने-समझने की क्षमता चले जाने की स्थिति बनी रह सकती है। करीब एक चौथाई मरीज अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी डिलीरियम से पीड़ित पाए गए। कुछ मरीजों में ये लक्षण महीनों तक रहे, इससे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद स्वस्थ होने की प्रक्रिया और अधिक मुश्किल हो सकती है। फिलिप ने कहा कि निष्कर्ष के तौर पर यह कहा जा सकता है कि कोविड-19 के गंभीर लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती हुए मरीजों के अवसाद ग्रस्त और डिलीरियम से पीड़ित होने की संभावना बहुत अधिक है।

Anu Malhotra

Advertising