कर्नाटक चुनाव 2023: कर्नाटक में कांग्रेस को मिल गया बहुमत, जानें भाजपा-JDS को कितनी सीटें
punjabkesari.in Saturday, May 13, 2023 - 01:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक विधानसभा के लिए 224 विधायकों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 136 सीटें हासिल की जबकि बीजेपी 65 सीटों पर सिमट गई। इसके अलावा जद (एस) के खाते में 19 सीटें आईं और अन्य के खाते में 4। कर्नाटक चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन करते हुए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश की जनता और अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए शनिवार को कहा कि दक्षिण भारत के इस राज्य में ‘नफरत का बाजार' बंद हो गया है तथा ‘मोहब्बत की दुकानें' खुली हैं।
पार्टी | बढ़त | जीत |
बीजेपी | 0 | 65 |
कांग्रेस | 0 | 136 |
जद (एस) | 0 | 19 |
अन्य | 0 | 04 |
उन्होंने यह दावा भी किया कि कर्नाटक की गरीब जनता की शक्ति ने सांठगांठ वाले पूंजीवादियों की ताकत को हरा दिया है। राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सबसे पहले मैं कर्नाटक की जनता, कर्नाटक में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं तथा वहां काम करने वाले सभी नेताओं को बधाई देता हूं।'' उनका कहना था, ‘‘ कर्नाटक के चुनाव में एक तरफ सांठगांठ वाले पूंजीवादियों की ताकत थी, दूसरी तरफ तरफ गरीब जनता की शक्ति थी। ‘शक्ति' ने ‘ताकत' को हरा दिया।''
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘इस चुनाव में कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी हुई। हमने नफरत और गलत शब्दों से लड़ाई नहीं लड़ी। हमने प्यार से दिल खोलकर यह लड़ाई लड़ी।'' उनके मुताबिक, ‘‘कर्नाटक की जनता ने यह दिखाया है कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ और मोहब्बत की दुकाने खुलीं।'' उल्लेखनीय है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल गांधी ने कई मौकों पर कहा था, ‘‘मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आया हूं।'' राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक की जनता से जो पांच प्रमुख वादे किए गए हैं, उन पर सरकार बनते ही काम शुरू हो जाएगा।
2018 के चुनाव में, भाजपा 104 सीटें जीतने वाली सबसे बड़ी पार्टी थी। हालांकि, कांग्रेस, जिसने केवल 80 सीटें हासिल की थीं, ने एचडी कुमारस्वामी की जेडीएस के साथ गठबंधन किया, जिसने 37 सीटें जीतीं और राज्य में गठबंधन सरकार बनाई। कांग्रेस और जेडीएस के कुछ विधायकों द्वारा गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस लेने के बाद भाजपा ने बीच में ही सरकार बना ली थी। परिणाम आज भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित किया जाएगा।